केनगर (पूर्णिया). केनगर प्रखंड में पूर्व में पदस्थापित प्रखंड नाजिर सूर्य नारायण उरांव का मंगलवार को आकस्मिक निधन हो गया. उनके असामयिक निधन की खबर से प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के कर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई. इस दुखद घड़ी में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए केनगर प्रखंड मुख्यालय में बुधवार को एक शोकसभा का आयोजन किया गया, जिसमें सभी कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. शोकसभा को संबोधित करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी आशीष कुमार ने कहा कि सूर्य नारायण उरांव जब केनगर प्रखंड में अंचल नाजिर के पद पर कार्यरत थे, तब उनका कार्य व्यवहार अत्यंत सराहनीय था. वे स्वभाव से बेहद मिलनसार और मृदुभाषी थे. किसी भी सरकारी कार्य के लिए उन्होंने कभी मना नहीं किया और सदैव तत्परता से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया. उनके चले जाने से विभाग ने एक समर्पित कर्मी खो दिया है. बीडीओ ने दुख प्रकट करते हुए कहा कि इस आकस्मिक निधन से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. दुख की इस घड़ी में केनगर प्रखंड का प्रत्येक कर्मी उनके शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ा है और ईश्वर से उन्हें यह अपार कष्ट सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता है. इस शोक सभा में मुख्य रूप से प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी चंद्रदेव प्रसाद सहित प्रखंड एवं अंचल के सभी कर्मी और पदाधिकारी उपस्थित थे. सभी ने नम आंखों से अपने पूर्व सहयोगी को याद किया और उनके व्यक्तित्व की चर्चा की.
पूर्व प्रखंड नाजिर के निधन पर कार्यालय में शोकसभा
केनगर
