पूर्णिया, अमौर. प्रखंड संसाधन केंद्र अमौर में शिक्षक दिवस के अवसर पर विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी निखिल कुमार ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया. इस दौरान बीआरसी के लेखपाल विजय कुमार सहित अन्य कर्मी और शिक्षक मौजूद रहे.
शैक्षणिक योगदान के आधार पर हुआ शिक्षकों का चयन
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी निखिल कुमार ने कहा कि शैक्षणिक दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करने और विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों का चयन प्रखंड स्तर पर किया गया था. चयनित शिक्षकों को उनके बेहतर कार्य और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया.
पांच शिक्षकों को मिला सम्मान
सम्मानित होने वाले शिक्षकों में वि. चंपा बरेली की शिक्षिका पूजा कुमारी, उवि झौवारी की संगीत शिक्षिका रुक्मिणी कुमारी, वि. बड़ाईदगाह के शिक्षक प्रशांत कुमार, मवि दलमालपुर के मजहर अहसन और प्रावि सिमलिया जहांगीर टोला के अर्पित गुप्ता शामिल हैं.
शिक्षकों को बेहतर कार्य के लिए किया प्रोत्साहित
सम्मान समारोह के माध्यम से शिक्षकों को विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया गया. कार्यक्रम में मौजूद शिक्षकों और कर्मियों ने सम्मानित शिक्षकों को बधाई दी.
