अमौर. एआईएमआईएम प्रदेश अध्यक्ष सह अमौर विधायक अख्तरुल ईमान ने पटना स्थित कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा के सरकारी आवास पर उनसे औपचारिक मुलाकात की. इस दौरान विधायक ने अमौर विधानसभा क्षेत्र सहित राज्यभर के खुदरा उर्वरक विक्रेताओं की समस्याओं को कृषि मंत्री के सामने रखा. उन्होंने कहा कि खाद की आपूर्ति में आ रही दिक्कतों का असर खुदरा विक्रेताओं के साथ किसानों पर भी पड़ रहा है.
थोक विक्रेताओं की टैगिंग और कृत्रिम किल्लत का मुद्दा
विधायक ने कृषि मंत्री को बताया कि खुदरा उर्वरक विक्रेताओं को थोक विक्रेताओं से खाद की आपूर्ति के दौरान टैगिंग और कथित कृत्रिम किल्लत जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है. उन्होंने कहा कि खुदरा विक्रेताओं को समय पर और निर्धारित सरकारी दर पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया जाना चाहिए, ताकि किसानों को भी खाद की निर्बाध आपूर्ति मिल सके.
किसानों और खुदरा विक्रेताओं के हित में कार्रवाई का भरोसा
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने अमौर विधायक द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना. उन्होंने आश्वस्त किया कि कृषि विभाग जल्द ही आवश्यक और कड़े कदम उठाएगा. मंत्री ने कहा कि खुदरा उर्वरक विक्रेताओं को थोक विक्रेताओं के अनुचित दबाव से मुक्त कराने के लिए विभाग स्तर पर कार्रवाई की जाएगी.
खाद की निर्बाध आपूर्ति पर जोर
विधायक अख्तरुल ईमान ने कहा कि खाद की उपलब्धता सीधे किसानों की खेती और उत्पादन से जुड़ी है. ऐसे में खुदरा विक्रेताओं को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराना जरूरी है. उन्होंने निर्धारित सरकारी दर पर समय से खाद की आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की. कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों और खुदरा व्यापारियों दोनों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है. खाद की आपूर्ति व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.
