Airport Passenger Footfall: पूर्णिया से सत्येन्द्र सिन्हा गोपी की रिपोर्ट: पूर्णिया एयरपोर्ट से पिछले 10 दिनों में 7 दिन हवाई यात्रियों की दैनिक संख्या एक हजार से अधिक दर्ज की गई है. शनिवार (23 मई) को भी एयरपोर्ट पर कुल 1018 यात्रियों का आवागमन रिकॉर्ड किया गया, जिसमें 589 यात्री पूर्णिया पहुंचे और 429 यात्रियों ने यहां से अन्य शहरों के लिए प्रस्थान किया.
हर दिन 10 उड़ानों का परिचालन, लगातार बढ़ रही यात्रियों की संख्या
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, पूर्णिया एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही लगातार बेहतर हो रही है. वर्तमान में प्रत्येक दिन 05 आगमन और 05 प्रस्थान विमानों समेत कुल 10 विमानों का सुचारू परिचालन किया जा रहा है. पिछले कुछ दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो 15 मई को 995, 16 मई को 968, 17 मई को 1137, 18 मई को 1118, 19 मई को 947, 20 मई को 1047, 21 मई को 1056 और 22 मई को 1017 यात्रियों ने इस एयरपोर्ट से यात्रा की. गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले वर्ष 15 सितंबर को इस एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का लोकार्पण किया था, जिसके बाद से यात्रियों की मांग को देखते हुए लगातार उड़ानें बढ़ाई जा रही हैं.
स्टार एयर और इंडिगो की उड़ानों का नया टाइम टेबल
यात्रियों की सुविधा के लिए पूर्णिया एयरपोर्ट से दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और अहमदाबाद जैसे प्रमुख शहरों के लिए विमान सेवाएं उपलब्ध हैं. वर्तमान समय सारणी के अनुसार विभिन्न विमानन कंपनियों की उड़ानों का समय इस प्रकार निर्धारित है.
स्टार एयर (Star Air)
- फ्लाइट नंबर एस 5618/619: अहमदाबाद से पूर्णिया आगमन सुबह 08.45 बजे और अहमदाबाद के लिए वापसी प्रस्थान दोपहर 13.05 बजे.
- फ्लाइट नंबर एस 5620/621: कोलकाता से पूर्णिया आगमन दोपहर 12.25 बजे और कोलकाता के लिए वापसी प्रस्थान सुबह 09.25 बजे.
इंडिगो (IndiGo)
- फ्लाइट नंबर 6E-7924/7925: कोलकाता से पूर्णिया आगमन सुबह 11.20 बजे और कोलकाता के लिए वापसी प्रस्थान सुबह 11.55 बजे.
- फ्लाइट नंबर 6E-6559/6560: दिल्ली से पूर्णिया आगमन दोपहर 13.00 बजे और दिल्ली के लिए वापसी प्रस्थान दोपहर 13.55 बजे.
- फ्लाइट नंबर 6E-5935/5936: हैदराबाद से पूर्णिया आगमन दोपहर 15.00 बजे और हैदराबाद के लिए वापसी प्रस्थान दोपहर 15.55 बजे.
Also Read: स्वास्थ्य विभाग का एक्शन: कैमूर में 8 डॉक्टरों पर गिरी गाज, स्पष्टीकरण के साथ वेतन कटौती का निर्देश
