पूर्णिया : सहरसा से अमृतसर के बीच चलनेवाली जनसेवा एक्सप्रेस अब बनमनखी से खुलेगी. इस ट्रेन को सहरसा की बजाय बनमनखी से खुलने को लेकर समस्तीपुर रेल मंडल के प्रस्ताव पर पूर्व मध्य रेलवे ने हरी झंडी दे दी है. हालांकि ट्रेन के चालू होने की तिथि तय नहीं हुई है लेकिन रेलवे ने समय समय सारिणी तय कर दी है.
संभावना है कि इस माह के 17 जुलाई से यह सेवा शुरू हो जायेगी. इसके लिए तैयारी भी शुरू कर दी गयी है. रेल सूत्रों के अनुसार, 14617 जनसेवा एक्सप्रेस बनमनखी से रोजाना सुबह 6.15 बजे खुलेगी और दूसरे दिन शाम पांच बजे अमृतसर पहुंचेगी.
बनमनखी से सुबह 6.15 बजे खुलने के बाद सुबह 6.52 बजे मुरलीगंज पहुंचेगी और 10 मिनट रुककर सुबह 7.02 खुलेगी. सुबह साढ़े सात बजे मधेपुरा स्टेशन पहुंचकर पांच मिनट रुक कर सुबह 7.35 बजे खुलेगी. सहरसा सुबह आठ बजे पहुंचकर 45 मिनट रुकेगी. सहरसा स्टेशन से जनसेवा अपने पूर्व के निर्धारित समय सुबह 8.45 बजे ही खुलेगी.
इसी तरह अमृतसर से 14618 जनसेवा एक्सप्रेस सुबह 6.35 बजे खुलेगी और दूसरे दिन शाम साढ़े छह बजे बनमनखी स्टेशन पहुंचेगी. यह ट्रेन सहरसा शाम 4.15 बजे पहुंचेगी और आधा घंटा रुककर शाम 4.45 बजे खुलेगी. मधेपुरा स्टेशन शाम 5.10 बजे पहुंचेगी और 5.15 बजे खुलेगी. मुरलीगंज में शाम 5.48 बजे पहुंचेगी और दो मिनट रुक शाम 5.50 बजे खुलेगी.
जनसेवा एक्सप्रेस का परिचालन बनमनखी स्टेशन से शुरू होने पर बनमनखी के अलावा मधेपुरा और मुरलीगंज के लोगों को सहरसा सहित लंबी दूरी के लिए एक और ट्रेन मिल जायेगी. बनमनखी स्टेशन अधीक्षक सुजीत शरण सिन्हा ने बताया कि जनसेवा एक्सप्रेस के बनमनखी से खुलने की जानकारी मिल गयी है लेकिन कब से खुलेगी इसकी आधिकारिक तौर पर सूचना नहीं आयी है.
कहते हैं अधिकारी
समस्तीपुर रेल मंडल ने जनसेवा एक्सप्रेस को बनमनखी से चलाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा था. जिसे मंजूरी देते रेलवे बोर्ड ने समय सारिणी भी जारी कर दी है. जल्द ही बनमनखी से परिचालन शुरू करने की तिथि भी निर्धारित कर दी जायेगी.
वीरेन्द्र कुमार, सीनियर डीसीएम, समस्तीपुर रेल मंडल
