सीतामढ़ी. जिला पुलिस प्रशासन अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है. एसपी अमित रंजन के सख्त निर्देशानुसार मंगलवार की रात जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया. इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में अपराधियों, संदिग्धों और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसना तथा आम जनता के बीच सुरक्षा का भाव पैदा करना है. सभी थाना क्षेत्रों में अलर्ट, सड़कों पर उतरी पुलिस एसपी अमित रंजन के आदेश मिलते ही सीतामढ़ी जिला के सभी थानों की पुलिस अपने-अपने क्षेत्रों में सड़कों पर उतर आई. शहर के मुख्य चौराहों से लेकर ग्रामीण इलाकों के संवेदनशील मार्गों और जिला सीमाओं (बॉर्डर) पर कड़े बैरिकेड्स लगाकर वाहनों की बारीकी से तलाशी ली गई. इस दौरान दोपहिया और चार पहिया वाहनों के डिक्की की सघन चेकिंग की गई, साथ ही चालकों के कागजात और हेलमेट की भी जांच हुई. संदिग्ध रूप से घूम रहे लोगों से कड़ी पूछताछ की गई.
भयमुक्त माहौल देना पुलिस की प्राथमिकता मामले की जानकारी देते हुए पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिलावासियों को पूरी तरह भयमुक्त और शांतिपूर्ण माहौल देना जिला पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. अपराध की योजना बनाने वाले या विधि व्यवस्था में खलल डालने वाले तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. "अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। यह वाहन जांच अभियान कोई एक दिन की कवायद नहीं है, बल्कि यह आगे भी लगातार जारी रहेगा। " पुलिस प्रशासन, सीतामढ़ी बॉक्स अपराधियों में हड़कंप, आम जनता ने ली राहत की सांस अचानक शुरू हुए इस सघन चेकिंग अभियान से जिले के अपराधियों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है.
वहीं दूसरी ओर, देर रात तक पुलिस की इस सक्रियता को देखकर आम जिलावासियों ने राहत की सांस ली है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की इस तरह की तत्परता से छिनतई, लूटपाट और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी रोक लगेगी. पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने को दें.
