Patna News : जेल से छूटे युवक की सैदपुर छात्रावास के गेट पर गोली मार कर हत्या

आपसी वर्चस्व में सैदपुर छात्रावास के गेट पर बदमाशों ने एक युवक की गोली मार कर हत्या कर दी. वह 15 दिन पहले ही जेल से छूट कर आया था.

संवाददाता, पटना सिटी : सैदपुर छात्रावास के गेट पर शुक्रवार की अहले सुबह बदमाशों ने एक युवक की गोली मार कर हत्या कर दी. मृतक की पहचान नवादा के वारिसलीगंज स्थित मैय्या गांव निवासी शंकरसन सिंह के 21 वर्षीय चंदन कुमार के रूप में हुई है. गुरुवार को वह छात्रावास में अपने भाई के पास रुका था. देर रात छात्रावास में ही बहस हुई और फिर अहले सुबह पहले उसे जम कर पीट दिया और फिर एक बदमाश ने गोली मार दी. घायल चंदन को आनन-फानन में पुलिस व छात्रावास के छात्र पीएमसीएच ले गये, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. हत्या की सूचना मिलते ही मौके पर सिटी एसपी पूर्वी डॉ केरामदास, एएसपी पटना सिटी अतुलेश झा और बहादुरपुर थानाध्यक्ष संजय शंकर पहुंचे. एएसपी अतुलेश झा ने बताया कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आयी है कि मरने वाला और मारने वाला एक ही गुट के हैं. लेन-देन के को लेकर हुए विवाद में घटना को अंजाम दिया गया है. दोनों के बीच किसी विवाद को लेकर पुरानी रंजिश थी. इसी में दोनों के बीच वर्चस्व की लड़ाई चल रही थी.

तीन नामजद

थानाध्यक्ष संजय शंकर ने बताया कि मृत चंदन के भाई प्रमोद कुमार कुमार उर्फ कुंदन सिंह के बयान पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गयी है. इसमें मोकामा के सुल्तानपुर निवासी ब्रजेश कुमार शर्मा के पुत्र अंकुर कुमार, समस्तीपुर के पूसा थाने के घोबगामा गांव निवासी संजय ठाकुर के पुत्र केशव कुमार उर्फ केशव ठाकुर और समस्तीपुर के उजियारपुर थाने के माहिसारी निवासी कुमार करुणानिधान के पुत्र हर्ष राज उर्फ छोटू को नामजद किया गया. पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुला कर मामले में जांच पड़ताल की है.

13 कारतूस, पांच खोखे बरामद

हत्या की गुत्थी सुलझाने में लगी पुलिस टीम ने छापेमारी के दौरान 13 कारतूस, पांच खोखे, एक मिस फायर गोली, दो मैग्जीन, एक घड़ी और दो मोबाइल भी बरामद किये हैं. गठित टीम में दारोगा उपेंद्र कुमार सिंह, अमरजीत कुमार, मिथुन कुमार, सअनि संजीव कुमार सिंह, इमरान खान, प्रमोद यादव, सिपाही संतोष कुमार और क्यूआरटी की टीम शामिल थी.

देर रात चंदन से दूसरे पक्ष की हुई थी बहस

मिली जानकारी के अनुसार बीते गुरुवार की रात भी वह सैदपुर छात्रावास गया था, जहां पर वह अपने भाई के साथ रुक गया था. देर रात में ही चंदन व गोली मारने वाले बदमाशों के बीच बहस हुई थी. हालांकि, उस दौरान बीच-बचाव करते हुए मौके पर छात्रों ने मामला शांत करा दिया. इसके बाद अहले सुबह वह गेट के पास खड़ा ही था. इसी दौरान छात्रावास में ही तीन-चार की संख्या में रहे बदमाशों ने चंदन को घेर कर पहले पीट-पीट कर अधमरा किया. इसके बाद एक बदमाश ने कमर से पिस्टल निकाल कर कंधे के पास सटा कर गोली मार दी. गोली मारने के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो गये.

बहन के साथ किराये के मकान में रहता था चंदन

चंदन कुमार प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रही बहन के साथ बहादुरपुर थाने की बाजार समिति स्थित पंचवटी नगर कॉलोनी में किराये के मकान में रहता था. वह भी प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहा था. परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह अक्सर सैदपुर छात्रावास आया-जाया करता था. पुलिस ने शव का पीएमसीएच में पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है. इसी बीच घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने मामले में छानबीन की. इस दौरान आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला है. घटना के बाद भागते तीन से चार लोग दिखायी पड़ रहे हैं.

15 दिन पहले जेल से छूटा था चंदन

थानाध्यक्ष संजय शंकर ने बताया कि मृत चंदन के खिलाफ बहादुरपुर में लगभग छह मामले दर्ज हैं. इनमें कांड संख्या 210/24 में लगभग दो माह पहले उसे गिरफ्तार कर बहादुरपुर थाने से जेल भेजा गया था. लगभग 15 दिन पहले ही वह जेल से छूटा था. नामजद आरोपितों के खिलाफ भी मामले दर्ज हैं. नामजदों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम छापेमारी कर रही है. जल्द ही हत्याकांड के आरोपितों को गिरफ्तार किया जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SUBHAM KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >