पटना में घर में सो रहे युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला, खून से लथपथ हालत में मिला

पटना के फतुहा थाना क्षेत्र में एक युवक को घर में सोता हुआ देखकर अज्ञात अपराधियों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.

पटना के फतुहा थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित एक मकान में आराम कर रहे युवक पर मंगलवार दोपहर अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया. इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को फतुहा अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया.

बेटी ने देखा खून से लथपथ पिता, मचाया शोर

जानकारी के अनुसार, स्टेशन रोड निवासी रामप्रसाद साव के 40 वर्षीय पुत्र बिनोद साव मंगलवार दोपहर घर में सो रहे थे. इसी दौरान अज्ञात अपराधी घर में घुस गए और उनकी गर्दन के पीछे तथा सिर पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर फरार हो गए. घटना का पता तब चला, जब उनकी बेटी स्कूल से घर लौटी और पिता को खून से लथपथ हालत में देखा. उसने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही फतुहा डीएसपी-1 अवधेश कुमार और थानाध्यक्ष श्रीमंत कुमार सुमन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी. अधिकारियों ने बताया कि हमले के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है. परिजनों से पूछताछ की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >