Patna News : (रवि प्रकाश की रिपोर्ट)
बिक्रम नगर पंचायत के वार्ड संख्या 9 स्थित मनेर तेलपा गांव के देवी स्थान क्षेत्र में पिछले करीब 30 वर्षों से चली आ रही जलजमाव की समस्या से अब लोगों को राहत मिलने जा रही है. ग्रामीणों की सहमति के बाद यहां नाली, सोखता, चेंबर और पीसीसी सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी गई है.
निर्माण कार्य शुरू होने के साथ ही पूरे गांव में उत्साह का माहौल देखा गया. वर्षों से समस्या झेल रहे स्थानीय लोगों ने इसे एक महत्वपूर्ण विकास कार्य बताया है.
जानिए…नगर अध्यक्ष ने क्या कहा
नगर पंचायत की मुख्य पार्षद (नगरध्यक्ष) मनीता कुमारी ने बताया कि नगर क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाना उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि मनेर तेलपा में नाली की समुचित व्यवस्था न होने के कारण ग्रामीणों को गंदे पानी से होकर देवी स्थान तक जाना पड़ता था, जिससे काफी परेशानी होती थी.
उन्होंने आश्वासन दिया कि बरसात शुरू होने से पहले ही सोखता, चेंबर और पीसीसी सड़क का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा, जिससे पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदल जाएगी.
चौपाल में बनी सहमति के बाद शुरू हुआ कार्य
निर्माण कार्य शुरू करने से पहले शुक्रवार सुबह देवी स्थान परिसर में एक चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न प्रतिनिधियों और स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लिया. सभी पक्षों की सहमति के बाद विकास कार्य को हरी झंडी दी गई.
इस अवसर पर नगराध्यक्ष प्रतिनिधि प्रियरंजन उर्फ छोटे जी, विभिन्न वार्ड पार्षदों के प्रतिनिधि, पूर्व उपमुखिया तनवीर आलम सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे.
ग्रामीणों में उत्साह
लंबे समय से जलजमाव की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों ने निर्माण कार्य शुरू होने पर संतोष जताया है. लोगों का कहना है कि वर्षों से केवल आश्वासन मिलते रहे, लेकिन अब जाकर धरातल पर काम शुरू हुआ है, जिससे उन्हें वास्तविक राहत की उम्मीद जगी है.
