Video: 'शराब पीकर जाइए पुलिस नहीं पकड़ेगी...', बिहार में शराबबंदी पर जीतन राम मांझी का बड़ा बयान

Jitan Ram Manjhi: बिहार में शराबबंदी कानून को लेकर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि अब शराब पीकर जाने वाले या कम मात्रा में शराब ले जाने वालों को पुलिस नहीं पकड़ेगी, लेकिन कानून का सही और निष्पक्ष तरीके से पालन होना जरूरी है.

Jitan Ram Manjhi: बिहार में नई सरकार के गठन के बाद एक बार फिर शराबबंदी कानून पर सियासी बहस तेज हो गई है. केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने शुक्रवार को पटना एयरपोर्ट पर शराबबंदी को लेकर खुलकर अपनी बात रखी. उन्होंने साफ कहा कि शराबबंदी कानून गलत नहीं है, लेकिन इसे जिस तरह लागू किया जा रहा है, वह पूरी तरह से न्यायसंगत नहीं है.

मांझी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने उनके सुझावों पर शराबबंदी कानून की समीक्षा की. इसके लिए वे मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हैं. उन्होंने कहा कि शराब पीकर जाने वाले या कम मात्रा में शराब ले जाने वालों को पुलिस नहीं पकड़ेगी.

‘बड़े और रसूखदार लोग शराब के मामलों में बच जाते हैं’

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बड़े और रसूखदार लोग शराब के मामलों में अक्सर बच निकलते हैं, जबकि गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों पर सबसे ज्यादा मामले दर्ज किए जाते हैं. मांझी ने सरकार से मांग की कि गरीब लोगों पर दर्ज सभी शराबबंदी मामलों को पूरी तरह खत्म किया जाए.

मैंने कभी शराब नहीं पी- जीतन राम मांझी

उन्होंने यह भी कहा कि अब सवाल यह है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस मांग को मानते हैं या नहीं. अपने निजी जीवन का उदाहरण देते हुए मांझी ने कहा कि वे ऐसे परिवार से आते हैं जहां शराब बनाई और बेची जाती थी, लेकिन उन्होंने कभी शराब नहीं पी. उनका कहना था कि शराब इंसान को राक्षस बना देती है और समाज को बर्बादी की ओर ले जाती है.

सम्राट चौधरी पर क्या बोले मांझी?

शराब तस्करी पर सख्त रुख अपनाते हुए मांझी ने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से बड़ी उम्मीद जताई. उन्होंने कहा कि अगर शराब तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उनकी संपत्तियों पर बुलडोजर चलाया जाए तो शराब माफिया का नेटवर्क टूट सकता है. मांझी के मुताबिक, तस्करों पर नकेल कसने के लिए सम्राट चौधरी को पूरी छूट दी जानी चाहिए, तभी बिहार में शराब तस्करी पर प्रभावी रोक लग सकेगी.

Also Read: पटना में आलीशान घर, पेट्रोल पंप, राइस मिल, 40 लाख कैश… बिहार के बैंक अधिकारी ने 11 साल की नौकरी में खड़ा किया करोड़ों का साम्राज्य

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >