Patna News : मसौढ़ी के कादिरगंज थाना पुलिस ने दो अलग-अलग हत्याकांडों में करीब 20 वर्षों से फरार चल रहे नामजद वारंटी कपिल यादव को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पकौड़ा गांव स्थित उसके घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपी कपिल यादव रामदेव यादव का पुत्र है. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
2006 में बाजार में गोली मारकर हुई थी हत्या
कादिरगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि कपिल यादव के खिलाफ दो हत्या के मामले दर्ज हैं. पहला मामला वर्ष 2006 का है. 23 अक्टूबर 2006 को थाना क्षेत्र के खगड़ी नेतौल निवासी दिनेश यादव उर्फ दारा सिंह बाजार से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान बीच बाजार में गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई थी. इस मामले में कादिरगंज थाना कांड संख्या 203/2006 दर्ज किया गया था. मामले में छह लोगों को आरोपित बनाया गया था, जिसमें कपिल यादव भी नामजद आरोपी था.
2005 के हत्याकांड में भी था आरोपी
वहीं, दूसरा मामला 28 अक्टूबर 2005 का है. इसमें रामाश्रय प्रसाद यादव के पुत्र विनय प्रसाद यादव की हत्या कर दी गई थी. इस हत्याकांड में भी कपिल यादव आरोपी था और घटना के बाद से लंबे समय से फरार चल रहा था.
गुप्त सूचना पर घर में पुलिस ने दी दबिश
दोनों हत्याकांडों में फरार चल रहे कपिल यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी. इसी दौरान पुलिस को उसके घर पर मौजूद होने की गुप्त सूचना मिली. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पकौड़ा गांव स्थित उसके घर पर छापेमारी कर उसे दबोच लिया.
न्यायिक हिरासत में भेजा गया
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से आवश्यक पूछताछ की और न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया. लंबे समय से फरार वारंटी की गिरफ्तारी को पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है.
