जमीन माफियाओं को विजय सिन्हा ने हड़काया, बोले- कफन बांधकर निकला हूं, गलत नहीं करने दूंगा

Vijay Sinha: बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने एक बार फिर जमीन माफियाओं को हड़का दिया है. उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, मैं कफन बांधकर निकला हूं. जमीन माफियाओं और पदाधिकारियों को गलत करने नहीं दूंगा.

Vijay Sinha: बिहार के उपमुख्यमंत्री और राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा जमीन माफियाओं के खिलाफ लगातार एक्शन ले रहे हैं. शुक्रवार को राजस्व एवं भूमि सुधार में गड़बड़ियों को रोकने और जमीन माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई पर कहा, मैं माफियाओं को संदेश देना चाहता हूं. मैं सिर पर कफन बांधकर निकला हूं. अटल जी की बातों को आदर्श मानकर सिर पर कफन बांधा हूं और मुझे किसी बात की चिंता नहीं है.

माफियाओं और पदाधिकारियों को दी चेतावनी

डिप्टी सीएम ने यह भी कहा कि जमीन माफियाओं और पदाधिकारियों को गलत नहीं करने दूंगा. मेरी तरफ से चलाए जा रहे जमीन माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई पर विभागीय अधिकारी या कर्मचारी जो मेरा विरोध कर रहे हैं, वह जमीन माफिया दलाल और बिचौलियों के लिए काम करने वाले हैं. जनता के लिए जो विभागीय कर्मी काम करना चाहते हैं, वह मेरे इस प्रयास का विरोध नहीं करेंगे.

जमीन माफियाओं के खिलाफ सख्ती

राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा इससे पहले भी जमीन माफियाओं के खिलाफ सख्त कदम उठा चुके हैं. ऐसे में एक बार फिर उन्होंने चेतावनी दे डाली है. जमीन से जुड़े मामलों के निपटारे को लेकर वे जनसंवाद कार्यक्रम में भी शामिल हो रहे हैं. इसी क्रम में मीडिया से बातचीत के दौरान भूमि सुधार जनसंवाद कार्यक्रम में सीओ को सस्पेंड करने पर कहा कि पदाधिकारी गलत करेंगे और उससे जुड़ा प्रमाण मिलेगा तो उन पर कार्रवाई तय है.

गयाजी में CO को किया था सस्पेंड

बुधवार को विजय सिन्हा गयाजी जिले में पहुंचे थे. वे सीधे जनता के बीच पहुंचे और लोगों की समस्याओं को सुन रहे थे. मंच से उन्होंने सवाल किया- मेरी कड़ाई का असर दिख रहा है या नहीं? इस पर भीड़ से एक साथ जवाब आया- गयाजी में तो नहीं दिख रहा है, बाकी जिलों में भले दिखता हो. इस जवाब पर वहां का पूरा माहौल गरम हो गया.

कार्यक्रम के दौरान विजय सिन्हा ने अफसरों को कड़ा संदेश दिया. उन्होंने कहा कि मौसम बदल गया है, अब कर्मचारियों को भी बदलना चाहिए. चेतावनी भरे लहजे में उन्होंने कहा था कि ऐसा न हो कि आपके काम की सजा आपके परिवार को भुगतनी पड़े. इसी कार्यक्रम में उन्होंने बड़ी कार्रवाई भी कर दी. गयाजी जिले के आमस अंचल के CO को मंच से ही सस्पेंड कर दिया. यह फैसला होते ही प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई.

Also Read: पटना हॉस्टल कांड: पप्पू यादव फेसबुक लाइव आकर गरजे, मामले में झूठ का किया पर्दाफाश, मंत्री-नेता की खोलेंगे पोल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Preeti Dayal

डिजिटल जर्नलिज्म में 3 साल का अनुभव. डिजिटल मीडिया से जुड़े टूल्स और टेकनिक को सीखने की लगन है. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं. बिहार की राजनीति और देश-दुनिया की घटनाओं में रुचि रखती हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >