पटना सिटी से अमिताभ श्रीवास्तव
Patna Crime : आलमगंज और दीदारगंज थाना क्षेत्र में बुधवार को दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों ने फंदे से लटककर जान दे दी. दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. घटनास्थल पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एनएमसीएच भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा.
आलमगंज में पत्नी के मायके जाने के दौरान युवक ने दी जान
आलमगंज थाना क्षेत्र के बाग भूप सिंह लेन मोहल्ले में किराये के मकान में रहने वाले देवेंद्र साव के 40 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार ने कमरे में पंखे के हुक से दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली. अपर थानाध्यक्ष गुंजन कुमार ने बताया कि सूरज प्रिंटिंग प्रेस में काम करता था और घटना के समय घर में अकेला था. उसकी पत्नी मायके गई हुई थी.
दुर्गंध आने पर लोगों को हुई घटना की जानकारी
पुलिस के अनुसार, कमरे से दुर्गंध आने के बाद आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. प्रथम दृष्टया आशंका है कि घटना दो दिन पहले हुई थी. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
दीदारगंज में युवक ने कमरे में फंदे से लटककर की आत्महत्या
दीदारगंज थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव निवासी महेंद्र राय के 36 वर्षीय पुत्र अमित यादव ने भी कमरे में फंदे से लटककर जान दे दी. परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की.
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, जांच जारी
दीदारगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है. एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.
