राजधानी पटना के दीघा थाना पुलिस ने बाटा इलाके में घेराबंदी कर बड़ी वारदात की साजिश रच रहे दो आरोपितों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दोनों के पास से दो पिस्टल, दो देसी कट्टे, 14 जिंदा कारतूस और दो बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की है. पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है.
सूचना पर पुलिस ने की नाकेबंदी
पुलिस को सूचना मिली थी कि बाटा इलाके में कुछ बदमाश जुटे हैं और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं. सूचना मिलते ही दीघा थानाध्यक्ष अवनीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर नाकेबंदी कर दी. पुलिस को देखते ही संदिग्धों में अफरातफरी मच गयी. हालांकि, पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो आरोपितों को पकड़ लिया.
दो पिस्टल और दो कट्टे बरामद
सेंट्रल एसपी ममता कल्याणी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रामजीचक निवासी धीरज कुमार और दीघा रेलवे ब्रिज के नीचे रहने वाले विकास कुमार के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान दोनों के पास से दो पिस्टल, दो देसी कट्टे, 14 जिंदा कारतूस और दो बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गयी.
वारदात और हथियारों के स्रोत की जांच
पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि वे किस आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे और इतनी संख्या में हथियार व कारतूस कहां से लाये थे. पुलिस दोनों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है. इसके अलावा उनके गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है.
