बिना पटना जंक्शन गए पहुंचेंगे बिहारशरीफ, नेउरा-दनियावां नई रेल लाइन का काम पूरा

बिहार के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. नेउरा-दनियावां नई रेल लाइन पर जल्द ही ट्रेनें चलने लगेंगी. यह लाइन पटना जंक्शन पर भीड़ कम करने और मालगाड़ियों के लिए वैकल्पिक रास्ता प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.

Patna Neura Daniyawan New Rail Line: बिहार में रेल यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर है. नेउरा-दनियावां नई रेल लाइन पर ट्रेनें चलाने की तैयारी आखिरी दौर में है. रेलवे ने इस रूट पर तकनीकी और परिचालन से जुड़े ज्यादातर काम निपटा लिए हैं. अलग-अलग स्टेशनों पर स्टेशन मास्टर तैनात हो चुके हैं और सिग्नलिंग का काम भी पूरा हो गया है. अब बस रेलवे सुरक्षा आयुक्त (CRS) के निरीक्षण का इंतजार है. इसके बाद हरी झंडी मिलते ही ट्रेनें दौड़ने लगेंगी.

दो चरणों में बना है पूरा प्रोजेक्ट

इस पूरी रेल लाइन का निर्माण दो हिस्सों में किया गया है. पहला हिस्सा नेउरा से जट डुमरी तक 18 किलोमीटर का है, जबकि दूसरा हिस्सा जट डुमरी से दनियावां के बीच 24 किलोमीटर का है. जट डुमरी से दनियावां के बीच पहले से ही ट्रेनें चल रही हैं. अब नेउरा से जट डुमरी के बीच का काम भी पूरा हो चुका है. यह नई लाइन नेउरा रेलवे गुमटी के पूरब-दक्षिण साइड से शुरू होती है. इस प्रोजेक्ट के तहत दनियावां से बिहारशरीफ (38 किमी) तक पहले ही ट्रेनें चल रही हैं. अब नेउरा से जट डुमरी लाइन शुरू होते ही मेन लाइन से बिहारशरीफ का सीधा संपर्क हो जाएगा.

CRS निरीक्षण के बाद मिलेगी मंजूरी

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, ट्रैक बिछाने, सिग्नल और सुरक्षा से जुड़े सभी इंतजाम पूरे हैं. स्टेशनों पर यात्रियों के लिए सुविधाएं भी तैयार कर ली गई हैं. जल्द ही रेलवे सुरक्षा आयुक्त इस रूट का दौरा करेंगे. वे ट्रैक की मजबूती, पुल-पुलियों, सिग्नलों और फाटक की जांच करेंगे. सब कुछ सही पाए जाने पर तुरंत ट्रेनें चलाने की अनुमति मिल जाएगी.

यात्रियों और रेलवे को मिलेंगे ये बड़े फायदे

इस नई रेल लाइन के चालू होने से दानापुर रेल मंडल को एक बेहतरीन वैकल्पिक रूट मिल जाएगा. इससे कई बड़े फायदे होंगे:

पटना जंक्शन पर कम होगी भीड़: फिलहाल पटना जंक्शन और पटना-राजेंद्रनगर रूट पर ट्रेनों का बहुत ज्यादा दबाव रहता है. नई लाइन शुरू होने से कई ट्रेनों को इस रास्ते डायवर्ट किया जा सकेगा, जिससे ट्रेनों की लेटलतीफी दूर होगी.

मालगाड़ियों के लिए नया रास्ता: इस रूट का इस्तेमाल मालगाड़ियों के लिए भी किया जाएगा. मालगाड़ियों के इस तरफ शिफ्ट होने से यात्री ट्रेनों के लिए मुख्य रूट पर ज्यादा समय (स्लॉट) मिल सकेगा.

एमरजेंसी में मददगार: अगर कभी किसी वजह से मुख्य रेल रूट जाम या बाधित होता है, तो ट्रेनें इस वैकल्पिक रास्ते से आसानी से निकाली जा सकेंगी.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

लोकल लोगों के लिए गुड न्यूज

इस रूट के चालू होने से नेउरा, दनियावां और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों को पटना आने-जाने के लिए सीधा साधन मिल जाएगा. इससे रोजाना सफर करने वाले नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और व्यापारियों का समय बचेगा. साथ ही इलाके में खेती-किसानी के सामान को लाने-ले जाने और छोटे उद्योगों को बढ़ाने में बड़ी मदद मिलेगी.

इसे भी पढ़ें: बिहार के इस जिले में 130 करोड़ की लागत से बनेगा नया बाइपास, यूपी और सबेया एयरपोर्ट जाना होगा आसान


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Paritosh Shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >