-एएन कॉलेज का 68वां स्थापना दिवस आज
-समारोह का उद्घाटन करेंगे केरल के पूर्व राज्यपाल निखिल कुमारसंवाददाता, पटना
एएन कॉलेज का स्थापना दिवस सह अनुग्रह नारायण सिन्हा की 137वीं जयंती 18 जून को मनायी जायेगी. कॉलेज के 68वें स्थापना दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किये जायेगा. कार्यक्रम सुबह नौ बजे से कॉलेज प्रांगण के सत्येंद्र नारायण सिन्हा सभागार में होगा. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केरल के पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार होंगे. इस मौके पर ग्रामीण कार्य मंत्री डॉ अशोक चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे. कार्यक्रम की अध्यक्षता पाटलिपुत्र यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो आरके सिंह करेंगे. साथ में मगध यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो एसपी शाही व प्राचार्य प्रो प्रवीण कुमार के साथ अनेक लोग मौजूद रहेंगे. कार्यक्रम में कॉलेज की पत्रिका अनुग्रह ज्योति का विमोचन होगा.एएन कॉलेज की स्थापना 1956 में हुई थी,13 एकड़ में है कैंपस:
एएन कॉलेज की स्थापना एक जनवरी 1956 को हुई थी. जब इसकी स्थापना हुई थी, उस समय इसका नाम गर्दनीबाग ट्यूटोरियल कॉलेज था. तब यह पटना हाइस्कूल कैंपस में शुरू हुआ था. शुरुआत में कॉलेज इवनिंग शिफ्ट में चलता था. स्थापना के समय इस कॉलेज का लक्ष्य था कि लोग दिन में काम करें और शाम में पढ़ाई करें. 1959 में इस कॉलेज का नाम अनुग्रह नारायण पड़ा. उसी समय इसे अपने वर्तमान कैंपस बोरिंग रोड में शिफ्ट किया गया. कॉलेज के नये कैंपस के लिए पटना इंप्रूवमेंट ट्रस्ट ने कॉलेज प्रशासन को 19 एकड़ जमीन मुहैया करवायी. लेकिन बाद में किसानों को छह एकड़ जमीन वापस कर दी गयी. इस तरह कॉलेज को 13 एकड़ जमीन दी गयी. कॉलेज के पहले गवर्निंग बॉडी में पूर्व मुख्यमंत्री सत्येंद्र नारायण, पूर्व सांसद किशोरी सिन्हा, जस्टिस केबीएन सिंह, जस्टिस बीरेंद्र प्रताप सिंह, डॉ शिव नारायण सिंह और सुनील मुखर्जी शामिल थे. वहीं कॉलेज के प्रथम प्राचार्य डॉ गोरख नाथ सिन्हा थे. डॉ सिन्हा अर्थशास्त्र के शिक्षक थे. एएन कॉलेज (अनुग्रह नारायण कॉलेज) पाटिलपुत्र यूनिवर्सिटी के अंतर्गत आता है. यह अंगीभूत कॉलेज है.स्नातक में 24 और स्नातकोत्तर में हैं 23 विभाग
कॉलेज में कई कोर्स चलते हैं. वर्तमान में स्नातक के 24 और स्नातकोत्तर के 23 विभाग हैं. यहां पारंपरिक कोर्स के अलावा कई उद्योग और तकनीक के बढ़ावा देनेवाले कोर्स भी संचालित हैं. एएन कॉलेज में इलेक्ट्रॉनिक्स और पर्यावरण विज्ञान कोर्स की शुरुआत 1980 में की गयी थी. यहां इडब्ल्यूएम, बीसीए, बीबीएम, एमसीए, एमबीए, बॉयोटेक्नोलॉजी, बीएड आदि जॉब ओरिएंटेड कोर्स भी होते हैं. बताते चलें कि कॉलेज को लगातार चार चक्र में तीन बार नैक से ग्रेड ए और ए प्लस मिल चुका है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
