पटना में गंगा नदी में नहाने गये तीन दोस्त, एक की मिली लाश, दो की खोजबीन जारी

पटना के आदिलपुर गंगा घाट पर स्नान के दौरान तीन किशोर गहरे पानी में डूब गए. इनमें से एक का शव बरामद हो गया है, जबकि दो की तलाश जारी है. घटना के बाद से इलाके में मातम पसरा हुआ है.

Three Drowned In Ganges : पटना जिले के खुसरूपुर थाना क्षेत्र के आदिलपुर गंगा घाट पर रविवार की सुबह करीब 9 बजे स्नान करने के दौरान तीन किशोर गहरे पानी में डूब गए. हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. तीनों किशोर खुसरूपुर थाना क्षेत्र के जगमालविघा गांव के रहने वाले और आपस में दोस्त थे. उनकी उम्र 15 से 17 वर्ष के बीच बताई जा रही है. घटना के करीब दो घंटे बाद एसडीआरएफ की टीम ने एक किशोर का शव गहरे पानी से बरामद कर लिया, जबकि दो किशोरों की तलाश जारी है.

दोस्त को डूबते देख बचाने गये, लेकिन खुद ही बह गये

जानकारी के अनुसार, तीनों दोस्त रविवार की सुबह अपने-अपने घर से आदिलपुर गंगा घाट पर स्नान करने पहुंचे थे. स्नान के दौरान अंकुश कुमार अचानक गहरे पानी में चला गया. उसे डूबता देखकर उसके दोनों दोस्त सुंदरम कुमार और रौनक कुमार उसे बचाने के लिए आगे बढ़े, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण दोनों भी पानी में बह गए.

लापता नाबालिगों की खोज में जुटी एसडीआरएफ की टीम

घटना के बाद घाट पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अंचलाधिकारी संजीव कुमार चौपाल भी घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस के अनुसार, स्थानीय गोताखोरों ने सबसे पहले पानी में उतरकर किशोरों की तलाश शुरू की. बाद में एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और खोजबीन अभियान में जुट गई.

दो घंटे की मशक्कत के बाद मिला अंकुश का शव

गहरे पानी में करीब दो घंटे तक तलाश के बाद एसडीआरएफ की टीम ने अंकुश कुमार का शव बरामद कर लिया. पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अंकुश कुमार (16 वर्ष), पिता जितेंद्र कुमार सिंह के रूप में हुई है. वहीं, रौनक कुमार (15 वर्ष), पिता राजीव कुमार सिंह और सुंदरम कुमार (17 वर्ष), पिता रतनेश कुमार सिंह की तलाश जारी है. तीनों जगमालविघा गांव के निवासी बताए गए हैं.

लापता दोनों नाबालिग घर के इकलौते बेटे

बताया गया कि अंकुश दो भाइयों में सबसे बड़ा था, जबकि सुंदरम और रौनक अपने-अपने परिवार के इकलौते बेटे थे. तीनों इसी वर्ष 11वीं कक्षा में गए थे. हादसे के बाद तीनों किशोरों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है. गांव में मातम और सन्नाटा पसरा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. खबर लिखे जाने तक एसडीआरएफ की टीम अन्य दोनों किशोरों की तलाश में जुटी हुई थी.

Also Read: Gen Z को साधने बिहार पहुंचे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, 400 से ज्यादा स्टूडेंट्स से करेंगे बात, जानिए पूरा कार्यक्रम


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By नवीन कुमार

नवीन कुमार प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. फोटोग्राफी में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >