Patna Crime News : पटना के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र के एजी कॉलोनी में बुजुर्ग की देखभाल के लिए रखे गये केयरटेकर पर ही घर की अलमारी से नकदी और गहने चोरी करने का आरोप लगा है. घर मालिक आशीर्वादम ने केयरटेकर कन्हैया पांडे के खिलाफ शास्त्रीनगर थाने में लिखित शिकायत दी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
सोते बुजुर्ग के गले से निकाली अलमारी की चाबी
पुलिस को दी गयी शिकायत के अनुसार, आशीर्वादम ने अपने बुजुर्ग पिता जनार्दन प्रसाद सिंह की देखभाल के लिए न्यू बाइपास, कंकड़बाग स्थित एक एजेंसी के माध्यम से कन्हैया पांडे को केयरटेकर रखा था. केयरटेकर ने अपना पता मुजफ्फरपुर और सिक्किम का होने संबंधी दस्तावेज एजेंसी को दिया था.
ये सामान लेकर फरार हो गया आरोपी
आरोप है कि 22 अगस्त की रात जनार्दन प्रसाद सिंह के सो जाने के बाद कन्हैया पांडे ने उनके गले में पहने जनेऊ में बंधी अलमारी की चाबी को काटकर निकाल लिया. इसके बाद अलमारी खोलकर उसमें रखे करीब एक लाख रुपये नकद, सोने की तीन अंगूठियां और दो कीमती घड़ियां चोरी कर लीं. वारदात को अंजाम देने के बाद वह चुपचाप घर से फरार हो गया.
सुबह खुला चोरी का राज
सुबह परिजनों को अलमारी से नकदी और सामान गायब होने की जानकारी मिली. इसके बाद केयरटेकर के मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की गयी, लेकिन उसका फोन बंद मिला. एजेंसी से शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस मदद नहीं मिलने पर घर मालिक ने पुलिस से शिकायत की.
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है. परिजनों ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को उपलब्ध करा दिया है. फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी केयरटेकर की तलाश कर रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी के बारे में जानकारी जुटायी जा रही है.
