Patna Theft News : राजधानी पटना के पत्रकार नगर थाना क्षेत्र स्थित हनुमाननगर द्वारिकापुरी रोड नंबर-3 में रिटायर्ड बैंक अधिकारी त्रिवेणी प्रसाद पांडे के बंद घर में चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया. घटना की सूचना मिलने के बाद पत्रकार नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
घर पहुंचे रिश्तेदार तो टूटा मिला ताला
घटना की जानकारी मिलने पर महेंद्रू निवासी और रिटायर्ड बैंक अधिकारी के रिश्तेदार डॉ. चितरंजन प्रसाद मौके पर पहुंचे. उन्होंने देखा कि मुख्य गेट से लेकर घर के सभी कमरों के ताले टूटे हुए थे और कमरे के अंदर सामान बिखरा पड़ा था. इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी.
दिल्ली में रहता है परिवार, महीनों बंद रहता है मकान
डॉ. चितरंजन प्रसाद ने बताया कि त्रिवेणी प्रसाद पांडे उनके बहनोई हैं. उनका बेटा और अन्य परिजन दिल्ली में रहते हैं. त्रिवेणी प्रसाद पांडे दो-चार महीने के अंतराल पर पटना आते हैं, कुछ दिन घर में रहने के बाद फिर दिल्ली लौट जाते हैं. इसी कारण मकान अधिकतर समय बंद रहता है.
गृहस्वामी के आने के बाद होगा नुकसान का आकलन
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि चोर घर से क्या-क्या सामान लेकर फरार हुए हैं. गृहस्वामी के पटना पहुंचने और घर का निरीक्षण करने के बाद ही चोरी गए सामान की पूरी जानकारी मिल सकेगी.
पुलिस ने शुरू की जांच
पत्रकार नगर थाना पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी गई है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है.
इसे भी पढ़ें: 'जदयू को मिलीं 85 सीटें, अब तो संन्यास ले लें', बिहार बीजेपी चीफ ने बिना नाम लिए पीके पर बोला हमला
