Patna News : जलजमाव के विरोध में भिखना पहाड़ी के लोगों ने जाम की सड़क

भिखना पहाड़ी स्थित देवाअरुण अपार्टमेंट के परिसर में चैंबर ओवरफ्लो करने के कारण एक फुट तक पानी भर गया है, जिसके विरोध में लोगों ने सड़क को जाम किया.

संवाददाता, पटना : जलजमाव के विरोध में देवाअरुण अपार्टमेंट भिखना पहाड़ी के लोगों ने शुक्रवार सुबह में सड़क जाम की. विदित हो कि सीवरेज नेटवर्क बाधित होने से अपार्टमेंट के नाले का गंदा पानी निकल नहीं पा रहा था और चैंबर के ओवरफ्लो करने से अपार्टमेंट के कैंपस में एक फुट तक पानी भर गया था. बाद में इसे नगर निगम की सुपर सकर गाड़ी से खींच कर बाहर निकाला गया, लेकिन सीवरेज नेटवर्क के बाधित रहने के कारण समस्या अब भी बनी हुई है और पानी ओवरफ्लो कर फिर से परिसर में जमा हाेने लगा है. स्थानीय लोगों ने बताया कि समस्या की वजह भिखना पहाड़ी से सैदपुर की ओर जाने वाले नाले का बीच में जाम हो जाना है. बीते दिनों भिखना पहाड़ी मंदिर के पास स्थित एक मैनहोल का चैंबर धंस गया, जिसे दाेबारा बनाने या मरम्मत करने के बजाय सड़क निर्माण करने वाली एजेंसी ने उसे भर कर उसके ऊपर से सड़क बना दी. इससे पानी का प्रवाह पूरी तरह बाधित हो गया और देवाअरुण अपार्टमेंट में भूस्तर नीचा होने से वहां चैंबर ओवरफ्लो करने लगा.

अपार्टमेंट परिसर में तेजी से पानी भरा

शुक्रवार की सुबह तेज बारिश होने से नाले में अधिक पानी आ गया था, जिससे अपार्टमेंट परिसर में तेजी से पानी भरा. लोगों के विरोध और सड़क जाम के बाद में नगर निगम ने सुपर सकर मशीन से पानी को अपार्टमेंट परिसर से खिंचवाया. पानी इतना अधिक था कि पांच गाड़ी सुपर सकर मशीन को इसे खिंच कर ले जाना पड़ा. मामले में वार्ड पार्षद किरण देवी ने कहा कि लंबे समय से यह सीवरेज नेटवर्क जाम है, जिसके बारे में दो बार कार्यपालक अधिकारी को लिखा जा चुका है. इसके निदान के लिए 25-30 फुट सीवरेज नेटवर्क बिछा कर देवाअरुण अपार्टमेंट के सीवरेज लाइन को सामने बारी पथ स्थित सीवरेज लाइन के चैंबर से मिलाना होगा. आक्रोशित प्रदर्शनकारियों को बांकीपुर के कार्यापालक अधिकारी गंगाकांत ठाकुर ने फोन कर इस योजना को एक-दों दिनों में प्रशासनिक स्वीकृति दिलवाने और इस पर काम लगवाने का आश्वासन दिया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sanjay kumar sing

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >