बंटी यादव हत्याकांड पर तेजस्वी यादव का ऐलान, बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाएगी RJD, परिवार को ₹5 लाख की सहायता

Bunty Yadav Murder Case : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) बंटी यादव के परिवार को न्याय दिलाने के लिए मजबूती से लड़ेगा. तेजस्वी यादव ने पीड़ित परिवार को ₹5 लाख का चेक सौंपा और दोनों बच्चों की 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई का खर्च उठाने का ऐलान किया है. साथ ही, बंटी यादव की पत्नी के लिए सरकारी नौकरी की मांग की है.

Bunty Yadav Murder Case: बंटी यादव हत्याकांड को लेकर बिहार की राजनीति तेज हो गई है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने गुरुवार को पटना स्थित राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए और पीड़ित परिवार के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं. उन्होंने कहा कि राजद बंटी यादव के परिवार को न्याय दिलाने की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेगा और बच्चों की शिक्षा से लेकर आर्थिक सहायता तक हरसंभव सहयोग करेगा.

'बंटी यादव ने कथित देह व्यापार के खिलाफ आवाज उठाई थी'

प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव ने दावा किया कि बंटी यादव ने कथित देह व्यापार के खिलाफ आवाज उठाई थी, जिसके बाद उनकी हत्या कर दी गई. उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में पुलिस की गंभीर लापरवाही सामने आई है.

तेजस्वी ने कहा कि जब वह पीड़ित परिवार से मिलने गए थे, तब उन्होंने न्याय दिलाने का भरोसा दिया था और स्पष्ट कहा था कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

डीजीपी और एसपी से बातचीत का दावा

नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि उन्होंने इस मामले में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और संबंधित पुलिस अधीक्षक (एसपी) से बातचीत की है. दो दिन पहले राजद नेताओं के साथ पीड़ित परिवार की डीजीपी से मुलाकात भी कराई गई, ताकि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके.

उन्होंने कहा कि मामले में कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं. पुलिस अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया है.

इसे भी पढ़ें: पटना से गया तक चली तबादला एक्सप्रेस, बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में 20 अफसरों का ट्रांसफर

दोनों बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाएगी राजद

तेजस्वी यादव ने कहा कि बंटी यादव परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे. उनकी हत्या के बाद परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा है. ऐसे में राष्ट्रीय जनता दल ने निर्णय लिया है कि बंटी यादव के दोनों बच्चों—एक पुत्र और एक पुत्री—की 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई का पूरा खर्च पार्टी वहन करेगी.

उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में उच्च शिक्षा की आवश्यकता होने पर भी राजद परिवार के साथ खड़ा रहेगा.

पत्नी को सौंपा ₹5 लाख का चेक

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तेजस्वी यादव ने बंटी यादव की पत्नी को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा. उन्होंने कहा कि यह राशि बच्चों की शिक्षा और परिवार की तत्काल जरूरतों को ध्यान में रखते हुए दी गई है.

सरकारी नौकरी की मांग

तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार से बंटी यादव की पत्नी को सरकारी नौकरी देने की मांग की. उन्होंने कहा कि इससे परिवार को आर्थिक संबल मिलेगा और राजद इस मांग को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाएगा.

लापरवाही बरतने वालों पर भी कार्रवाई की मांग

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मामले में केवल हत्यारों की गिरफ्तारी ही पर्याप्त नहीं है. यदि जांच के दौरान किसी पुलिस अधिकारी या कर्मी की लापरवाही या मामले को दबाने की कोशिश सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और उच्चस्तरीय मॉनिटरिंग की मांग की.

क्या है बंटी यादव हत्याकांड?

बंटी यादव की हत्या के बाद यह मामला बिहार में चर्चा का विषय बना हुआ है. परिजन शुरू से ही निष्पक्ष जांच और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. पुलिस ने मामले में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है. इसी बीच विपक्ष ने कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं.

राजनीतिक सरगर्मी बढ़ी

बंटी यादव हत्याकांड को लेकर बिहार में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. एक ओर राजद इस मामले में लगातार सरकार और पुलिस पर सवाल उठा रही है, वहीं पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

इसे भी पढ़ें:  बिहार में इस उद्योग के लिए सरकार देगी 70 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी, एक क्लिक में होगा आवेदन


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विवेक पाण्डेय

विवेक रंजन पाण्डेय पिछले आठ वर्षों से मुख्यधारा की पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत टीवी मीडिया से की, जहां बिहार की राजनीति से जुड़े कई प्रमुख नेताओं और जनप्रतिनिधियों के इंटरव्यू किए. वर्तमान मुख्यमंत्री के उपमुख्यमंत्री रहते हुए उनका इंटरव्यू करने के साथ-साथ उन्होंने कई मंत्रियों के इंटरव्यू और फील्ड रिपोर्टिंग भी की है.

ज्ञान की धरती नालंदा के रहने वाले विवेक रंजन पाण्डेय वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. खबर प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की जांच और विभिन्न स्रोतों से जानकारी का सत्यापन करना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है. बिहार की राजनीति, शिक्षा और छात्र मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ है. इसके अलावा प्रशासन, अपराध, रोजगार, मौसम और स्थानीय मुद्दों पर भी वह लगातार खबरें तैयार करते हैं.

विवेक रंजन पाण्डेय SEO फ्रेंडली डिजिटल खबरें लिखने में भी दक्ष हैं. वह डिजिटल प्लेटफॉर्म की जरूरतों के अनुसार खबरों को तैयार करते हैं और सटीक हेडलाइन, जरूरी कीवर्ड, तथ्यपरक जानकारी तथा पाठकों की रुचि का विशेष ध्यान रखते हैं.

उन्होंने आर्यभट्ट नॉलेज यूनिवर्सिटी, पटना से बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (BJMC) की डिग्री हासिल की है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >