तेजस्वी बोले- बिहार में जाति देखकर हो रहे एनकाउंटर, बालिका गृह कांड का मुद्दा उठाकर सरकार को घेरा

Bihar News: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर महिला सुरक्षा को लेकर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि बिहार में जाति देखकर एनकाउंटर हो रहे हैं. सरकार सिर्फ रील और फोटोशूट में व्यस्त है, जबकि अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं.

Bihar News: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बिहार सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि नई सरकार बनने के बाद सिर्फ एक महीने में ही महिला अपराध तेजी से बढ़े हैं. तेजस्वी ने कहा कि बिहार में छह महीने के भीतर दो बार मुख्यमंत्री बदले गए. जनता द्वारा चुने गए ‘इलेक्टिव चीफ मिनिस्टर’ को हटाकर ‘सिलेक्टिव चीफ मिनिस्टर’ बनाया गया है. उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास गृह विभाग भी है, लेकिन बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है.

‘महिलाओं को सुरक्षा देने में सरकार फेल’

तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार महिला सुरक्षा को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीन पर हालात बेहद खराब हैं. उन्होंने कहा कि बिहार में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और अपराधी बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. तेजस्वी ने आरोप लगाया कि सम्राट सरकार महिलाओं को सुरक्षा देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है. उन्होंने कहा कि बिहार में ऐसा कोई दिन नहीं गुजरता जब अपराध की घटना सामने नहीं आती हो. इसके बावजूद सरकार इन मामलों को गंभीरता से नहीं ले रही है.

‘क्रिमिनल डिसऑर्डर की स्थिति’

तेजस्वी ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति महिला अपराध के मुद्दे पर भी सरकार के साथ खड़ा है, तो उसके अंदर संवेदनशीलता नहीं बची है. उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में ‘लॉ एंड ऑर्डर’ अब ‘क्रिमिनल डिसऑर्डर’ में बदल चुका है. अपराधी खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं और सरकार सिर्फ दिखावे में लगी है.

तेजस्वी ने X पर जारी किए अपराध के आंकड़े

तेजस्वी बोले- 10-10 हजार देकर वोट खरीदे गए

तेजस्वी यादव ने चुनावी वादों को लेकर भी सरकार पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि चुनाव के समय महिलाओं को 10-10 हजार रुपये देकर वोट खरीदने की कोशिश की गई. उन्होंने दावा किया कि करीब 1 करोड़ 90 लाख महिलाओं को प्रभावित करने की कोशिश हुई. साथ ही चेतावनी दी कि अगर सरकार महिलाओं को 2 लाख रुपये नहीं देती है, तो महिलाएं ही इस सरकार को सत्ता से बाहर कर देंगी.

‘सरकार सिर्फ रील और फोटोशूट में व्यस्त’

तेजस्वी ने आरोप लगाया कि सरकार विकास और कानून-व्यवस्था सुधारने के बजाय सिर्फ रील बनाने और फोटोशूट कराने में लगी है. उन्होंने कहा कि बिहार में जाति देखकर एनकाउंटर किए जा रहे हैं. बालिका गृहकांड का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने पूछा कि उसके संरक्षकों पर कार्रवाई कब होगी. तेजस्वी ने कहा कि अपराध के मामलों में पीड़ित और आरोपी दोनों की जाति देखी जा रही है, जो बेहद गंभीर स्थिति है.

‘अपराधी बिल्कुल नहीं डर रहे’

प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में तेजस्वी यादव ने कहा कि सम्राट चौधरी के एक महीने के कार्यकाल में महिला अपराध पूरी तरह बेपटरी हो गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में अपराधियों के अंदर पुलिस और कानून का डर खत्म हो चुका है और वे पूरी तरह निश्चिंत होकर अपराध कर रहे हैं.

Also Read: बिहार में नाबालिग वाहन चलाते पकड़े गए तो पैरेंट्स को होगी जेल, स्कूल-कॉलेज समेत इन जगहों पर चलेगा महा अभियान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >