Tej Pratap Yadav On Khan Sir: पटना में कोचिंग सेंटर पर हुए हमले, फायरिंग विवाद और उसके बाद सामने आए CCTV वीडियो को लेकर चल रही बहस में अब राजनीति की भी एंट्री हो गई है. तेज प्रताप यादव ने इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए खान सर पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि एक शिक्षक का काम पढ़ाना होता है, न कि लोकप्रियता हासिल करना या राजनीति करना. तेज प्रताप ने ये भी आरोप लगाया कि पूरा विवाद खुद को हाइलाइट करने के लिए हो रहा है.
तेज प्रताप बोले- शिक्षक मीडियाबाजी नहीं करता, चुपचाप पढ़ाता है
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए तेज प्रताप यादव ने कहा कि शिक्षक का धर्म छात्रों को पढ़ाना होता है. उनके मुताबिक एक सच्चा शिक्षक प्रचार-प्रसार या लोकप्रियता के पीछे नहीं भागता. उन्होंने कहा कि शिक्षक कभी अपनी पॉपुलैरिटी नहीं कराता है, मीडियाबाजी नहीं करता है, चुपचाप पढ़ाता है. तेज प्रताप का यह बयान ऐसे समय आया है जब खान सर के क्लासरूम से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं.
‘हाइलाइट होने के लिए ये सब करवा रहे हैं’
तेज प्रताप यादव ने आरोप लगाया कि पूरा घटनाक्रम केवल चर्चा में बने रहने की कोशिश हो सकता है. उन्होंने कहा, ‘खान सर ये क्यों करवाना चाहते हैं? हाइलाइट होने के लिए ये सब करवा रहे हैं.’ साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस मामले में कुछ लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाया जा रहा है. हालांकि, इन आरोपों को लेकर खान सर की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
क्लासरूम में CCTV, छात्रों के सामने हमले का विश्लेषण
दरअसल, हाल ही में खान सर का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह क्लासरूम में छात्रों को CCTV फुटेज दिखाकर हमले का पूरा घटनाक्रम समझाते नजर आए. वीडियो में वह स्क्रीन पर लोगों की पहचान बताते हुए दिखाई देते हैं. वह छात्रों से कहते हैं कि कुछ लोगों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हुई है.
‘मीडिया आधी सच्चाई दिखा रही है’, विद्या की कसम भी खाई
वीडियो में खान सर यह दावा भी करते नजर आए कि मीडिया घटना का सिर्फ एक हिस्सा दिखा रही है. उन्होंने हाथ में किताब लेकर कहा कि कोचिंग पर गोलियां चली थीं और पूरी सच्चाई सामने नहीं लाई जा रही. अपनी बात पर भरोसा दिलाने के लिए उन्होंने छात्रों के सामने ‘विद्या की कसम’ भी खाई.
फायरिंग वीडियो के बाद बढ़ीं कानूनी मुश्किलें
2 जून की रात पटना स्थित कोचिंग सेंटर पर हुए हमले के बाद फायरिंग का वीडियो सामने आया था. वीडियो में सुरक्षा गार्डों द्वारा गोली चलाने का दावा किया गया. मामले में पुलिस पहले ही दोनों गार्ड्स को गिरफ्तार कर चुकी है. हथियार भी जब्त किए गए हैं और जांच जारी है. खान सर भी आर्म्स एक्ट और हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है.
Also Read: ‘ये लोग चाहते हैं कि मेरी फोटो पर माला चढ़ जाए…’, खान सर ने बताया क्यों करनी पड़ी गार्ड को फायरिंग
