Masaurhi Teacher Murder: मसौढ़ी नगर के कैलूचक मोहल्ले की शिक्षिका लक्ष्मी कुमारी हत्याकांड में पुलिस ने घटना के पीछे की वजह और घटनाक्रम के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने का दावा किया है. पुलिस के अनुसार, शिक्षिका के घर प्रधान शिक्षक ब्रजेश कुमार का आना-जाना मंटू कुमार को पसंद नहीं था. जांच में यह भी बात सामने आयी है कि मंटू पहले शिक्षिका के करीब था, लेकिन बाद में दोनों के बीच दूरी बढ़ गयी थी. पुलिस इसी नाराजगी को हत्या की घटना से जोड़कर जांच कर रही है.
हालांकि, इस मामले में शुक्रवार को सिटी एसपी पूर्वी शैलजा की ओर से प्रेस कांफ्रेंस भी की गयी. पुलिस के अनुसार, तकनीकी जांच, कॉल डिटेल्स, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय सूचनाओं के आधार पर घटना के अगले ही दिन जांच टीम को मामले में महत्वपूर्ण सुराग मिल गये थे. हालांकि, प्राथमिकी में कार्रवाई और गिरफ्तारी तक पुलिस ने जांच से जुड़ी जानकारियां सार्वजनिक नहीं की.
मंटू की निशानदेही पर खंती और अन्य सामान बरामद
बीते बुधवार की शाम पुलिस ने मंटू कुमार को गिरफ्तार किया था. पुलिस के अनुसार, उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बतायी जा रही लोहे की खंती, खून लगे कपड़े और मंटू का मोबाइल बरामद किया गया है. पूछताछ के बाद पुलिस ने शुक्रवार को मंटू को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. वहीं, प्रधान शिक्षक ब्रजेश कुमार को पुलिस पिछले सप्ताह ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है.
कॉल डिटेल्स से भी मिली महत्वपूर्ण कड़ी
थानाध्यक्ष विवेक भारती के अनुसार, रात करीब दस बजे शिक्षिका की फोन पर बातचीत हुई थी. इसके तुरंत बाद शिक्षिका के पति से भी फोन पर बातचीत होने की जानकारी पुलिस को है. पुलिस का दावा है कि इसके बाद मंटू की गतिविधियों और उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों का मिलान किया गया, जिससे जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिली.
अन्य पहलुओं पर भी अनुसंधान जारी
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आये साक्ष्यों के आधार पर मंटू से पूछताछ की गयी और उसकी निशानदेही पर कथित तौर पर हत्या में प्रयुक्त खंती व अन्य सामान बरामद किये गये. पुलिस मामले में उपलब्ध सभी साक्ष्यों की जांच कर रही है. हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर भी अनुसंधान जारी है.
