कपड़े की दुकान चलाने वाले की बेटी बनी बिहार टॉपर, 99.8% अंक लाने वाली गयाजी की माही ने बताया सफलता का राज

CBSE 12th Result: गयाजी की माही कुमारी ने CBSE 12वीं परीक्षा में 99.8 प्रतिशत अंक हासिल कर बिहार का नाम रोशन किया है. कपड़े की दुकान चलाने वाले साधारण परिवार से आने वाली माही ने इस शानदार प्रदर्शन के साथ न सिर्फ अपने स्कूल बल्कि पूरे राज्य में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है.

CBSE 12th Result: गयाजी की माही कुमारी ने अपनी मेहनत और लगन से वह कर दिखाया है, जो हर छात्र का सपना होता है. केंद्रीय विद्यालय-1, गयाजी की इस होनहार छात्रा ने CBSE 12वीं कॉमर्स परीक्षा में 99.8 प्रतिशत अंक हासिल कर न सिर्फ जिले बल्कि बिहार में भी टॉपर्स की सूची में जगह बना ली है.

कपड़े की दुकान चलाते हैं पिता

माही गयाजी के स्वराजपुरी रोड स्थित ढोलकिया गली की रहने वाली हैं. उनके पिता मनोज कुमार कपड़ों की छोटी दुकान चलाते हैं, जबकि उनकी मां हाउसवाइफ हैं. सीमित संसाधनों के बावजूद माही ने यह साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से किसी भी मंजिल को पाया जा सकता है.

रिजल्ट आते ही घर में जश्न, बधाइयों का लगा तांता

जैसे ही परिणाम सामने आया, परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. माता-पिता ने बेटी को मिठाई खिलाकर और केक काटकर सफलता का जश्न मनाया. रिश्तेदारों और पड़ोसियों ने भी माही को बधाई दी और इसे पूरे जिले के लिए गर्व का क्षण बताया.

माही ने बताया सफलता का राज

माही ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और नियमित पढ़ाई को दिया है. उन्होंने कहा कि उनका सपना आगे की पढ़ाई पूरी कर देश की सेवा करना है. उनकी यह उपलब्धि आज हजारों छात्रों के लिए प्रेरणा बन गई है.

पटना के रोहन को साइंस में 98.6 प्रतिशत

CBSE 12वीं के परिणाम में इस बार बिहार के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है. साइंस में पटना के संत माइकल हाइस्कूल के रोहन प्रसाद ने 98.6 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉप किया. दूसरे स्थान पर इंटरनेशनल स्कूल के आयुष राज (98.5%) और तीसरे स्थान पर अमान इस्माइल (97.8%) रहे.

वहीं कॉमर्स में संत माइकल हाइस्कूल के शिवम राज ने भी 98 प्रतिशत अंक लाकर टॉपर लिस्ट में जगह बनाई है.

आर्ट्स में डीएवी का शानदार प्रदर्शन

आर्ट्स में पटना डीएवी बीएसइबी के अतुल श्रीवास्तव ने 98.4 प्रतिशत अंक हासिल किया है. शिवानी वत्स 97.2%, जबकि आसना खान और सृष्टि अभिनव 97% अंक हासिल कर अपना नाम रोशन किया है.

पूरे बिहार में खुशी की लहर

माही कुमारी और अन्य टॉपर्स की सफलता से पूरे बिहार में खुशी का माहौल है. स्कूलों में जश्न मनाया जा रहा है और शिक्षक छात्रों की मेहनत की सराहना कर रहे हैं. यह परिणाम आने वाली पीढ़ी के लिए एक मजबूत प्रेरणा बन गया है.

Also Read: ओसामा शहाब की गिरफ्तारी के लिए पटना पहुंची सीवान पुलिस, कोर्ट स्टे की जानकारी मिलते ही लौटी टीम

Also Read: जदयू विधायक के बॉडीगार्ड समेत 2 पुलिस जवान सस्पेंड, कार से मिली थी 37 कार्टन विदेशी शराब

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhinandan pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >