पटना से अमृता सिंह की रिपोर्ट
Student Protest Patna: NEET पेपर लीक मामले को लेकर गुरुवार को पटना कॉलेज गेट से छात्रों, युवा संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकाला. प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा पेपर लीक मामले के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पेपर लीक (Patna NEET Protest) जैसी घटनाएं लाखों मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करती हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं. उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की.
छात्रों के प्रदर्शन से जुड़े हर एक अपडेट के लिए यहां क्लिक करें
ज्ञापन सौंपकर सरकार से उठाई ठोस कदम की मांग
विरोध मार्च पटना कॉलेज गेट से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपने के साथ संपन्न हुआ. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने और परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाने की मांग रखी.
'युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं'
मार्च में शामिल छात्रों ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा. उन्होंने सरकार से प्रतियोगी परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने की अपील की. शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित इस विरोध मार्च में बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल हुए.
