गैंगस्टर के घर रेड में पुलिस की हुई तलाशी, डिप्टी CM बोले- होगा पूरा हिसाब, पहले हुई थी सैकड़ों राउंड फायरिंग

Bihar Police: मोकामा में एक बार फिर सोनू-मोनू गैंग और अनंत सिंह समर्थकों के बीच तनाव बढ़ गया है. सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद मुकेश कुमार पर फायरिंग का आरोप लगा है. घटना के बाद पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और इलाके में तनाव बना हुआ है.

Bihar Police: मोकामा इलाके में एक बार फिर सोनू-मोनू गैंग और बाहुबली विधायक अनंत सिंह के समर्थकों के बीच तनाव बढ़ गया है. इस बार मामला सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू होकर फायरिंग तक पहुंच गया. शनिवार को पंचमहला थाना क्षेत्र के नौरंगा जलालपुर गांव में अनंत सिंह के समर्थक और सरपंच पति मुकेश कुमार पर गोली चलाने का आरोप लगा है. बताया जा रहा है कि इस घटना के पीछे सोनू-मोनू गैंग का हाथ है.

जानकारी के मुताबिक 22 मई को मुकेश कुमार ने फेसबुक पर एक पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने स्थानीय पुलिस और थाना प्रभारी की तारीफ की थी. इसी पोस्ट को लेकर सोनू-मोनू के पिता प्रमोद सिंह ने आपत्ति जताई. उन्होंने मुकेश से पोस्ट हटाने को कहा. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई.

मुकेश ने क्या आरोप लगाया

मुकेश कुमार का आरोप है कि बहस के दौरान प्रमोद सिंह ने अपने बेटों सोनू और मोनू को बुला लिया. उनके साथ कई अन्य लोग भी पहुंचे. इसके बाद उनपर दो राउंड फायरिंग की गई. हालांकि वह बाल-बाल बच गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सोनू-मोनू के घर छापेमारी करने गई. आरोप है कि घर के बाहर मौजूद महिलाओं ने पुलिस को अंदर जाने से रोक दिया. करीब आधे घंटे तक बहस चलती रही. इसी दौरान दोनों आरोपी पीछे के रास्ते से फरार हो गए.

जांच के बाद घर के अंदर गई पुलिस

मामला तब और चर्चा में आ गया जब पुलिसकर्मियों की तलाशी लेने के बाद ही उन्हें घर के अंदर जाने दिया गया. बताया जा रहा है कि पहले हाथीदह SHO रंजन कुमार और फिर अन्य पुलिसकर्मियों की जांच की गई. इसके बाद ही पुलिस घर में दाखिल हो सकी.

डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने इस घटना पर सख्त प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि पुलिस के साथ गलत व्यवहार करने वालों का पूरा हिसाब होगा. पुलिस कानून के अनुसार कार्रवाई करेगी.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

जनवरी 2025 में हुआ था विवाद

एसडीपीओ रामकृष्णा ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की तलाश जारी है. हाथीदह, मरांची और पंचमहला थाना की पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

सोनू-मोनू गैंग पहले भी अनंत सिंह के साथ विवाद को लेकर चर्चा में रह चुका है. जनवरी 2025 में नौरंगा गांव में दोनों पक्षों के बीच करीब 100 राउंड फायरिंग हुई थी. उस मामले में भी दोनों गैंगों पर कार्रवाई हुई थी.

इसे भी पढ़ें: BPSC TRE 4 भर्ती को लेकर आया अपडेट, जल्द आएगा नोटिफिकेशन, सरकार ने तेज की तैयारी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Paritosh shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >