संवाददाता, पटना
सोमवार से शहर के अधिकतर निजी स्कूल दुर्गा पूजा की छुट्टी के बाद खुल जायेंगे. स्कूल खुलने के साथ ही सिलेबस कंप्लीट करने पर शिक्षकों का फोकस होगा. दुर्गा पूजा की छुट्टी के बाद 13 दिन स्कूल चलेंगे, इसके बाद दीवाली और छठ पूजा की 10 दिनों की छुट्टी हो जायेगी. शहर के विभिन्न स्कूलों की ओर से दीवाली और छठ पूजा की छुट्टी 18 अक्तूबर को पढ़ाकर दे दी जायेगी. छुट्टी के बाद 29 अक्तूबर को स्कूल खुलेंगे. हालांकि निजी स्कूलों की ओर से फिलहाल दीवाली और छठ पूजा की छुट्टी को लेकर नोटिस जारी नहीं किया गया है. अक्तूबर माह में कम दिन होने की वजह से स्कूलों में सिलेबस पूरा करने को लेकर रणनीति तैयार की है. सोमवार से स्कूल खुलने के साथ ही बोर्ड परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी जायेगी. 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाओं को देखते हुए स्कूलों में तैयारी शुरू करने को लेकर सीबीएसइ के रीजनल ऑफिस की ओर से भी पहले ही निर्देश दिया गया है. विद्यार्थियों की परीक्षा की तैयारी को लेकर सीबीएसइ की ओर से जारी किये गये सैंपल पेपर के आधार पर विद्यार्थियों की तैयारी कराने का निर्देश दिया है. सैंपल पेपर में दिये गये योग्यता आधारित प्रश्न हल करने की प्रैक्टिस विद्यार्थियों को कराने के लिए कहा है, ताकि विद्यार्थी केवल पाठ्यक्रम को रट कर नहीं बल्कि समझ कर पढ़ें. शिक्षकों को निर्देशित किया गया है कि वे सैंपल पेपर से रेगुलर अभ्यास कराएं और पढ़ाये गये टॉपिक को रिवाइज कराएं.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
