Cyber fraud in Patna : एसबीआई का YONO एप इस्तेमाल करने के दौरान एक ग्राहक के खाते से करीब 6.90 लाख रुपये कट गये. अचानक रकम निकासी का मैसेज मोबाइल पर आते ही पीड़ित के होश उड़ गये. इसके बाद उन्होंने पटना साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए खाते से हुई निकासी की जांच और कार्रवाई की मांग की है.
एप देखते समय आया रकम कटने का मैसेज
पीड़ित सुशील कुमार ने पुलिस को दिये आवेदन में बताया है कि वह एसबीआई का YONO एप देख रहे थे. इसी दौरान उनके मोबाइल पर खाते से रकम कटने का मैसेज आया. मैसेज मिलने के बाद उन्होंने खाते की जानकारी जांची, तो करीब 6,90,009.44 रुपये के लेन-देन का पता चला.
पीड़ित के अनुसार, उन्होंने इतनी बड़ी रकम की निकासी या ट्रांसफर के लिए कोई अनुमति नहीं दी थी. खाते से अचानक इतनी राशि निकलने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने बैंक से संपर्क किया.
बैंक से संपर्क के बाद साइबर थाने पहुंचे
आवेदन के अनुसार, खाते से संबंधित लेन-देन की जानकारी सामने आने के बाद पीड़ित ने बैंक से संपर्क किया. इसके बाद पटना साइबर थाने में शिकायत देकर पूरे मामले की जांच कराने का अनुरोध किया गया.
निकासी के तरीके की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब खाते से हुई रकम की निकासी के तरीके, लेन-देन से जुड़े विवरण और इस्तेमाल किये गये माध्यम की जांच कर रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि YONO एप का इस्तेमाल करने के दौरान रकम किस तरह खाते से ट्रांसफर हुई.
पुलिस लेन-देन से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है, ताकि रकम ट्रांसफर होने के तरीके और इसमें शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाया जा सके.
