RJD New Team: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की सभी प्रदेश, जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर की कमेटियां भंग कर दी गई हैं. अब तेजस्वी यादव नए सिरे से संगठन की टीम तैयार करेंगे. इसी बीच लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने आरजेडी की नई टीम को लेकर तेजस्वी यादव को सलाह दी है. रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा कि आरजेडी की सभी इकाइयों और प्रकोष्ठों को भंग करने का फैसला काफी पहले हो जाना चाहिए था. उन्होंने कहा, "उम्मीद है कि नयी इकाईयों के पुनर्गठन में कट्टर लालूवादियों , सालों से पार्टी के साथ पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ खड़े कार्यकर्ताओं, संगठन की समझ रखने वालों और जमीन से जुड़े जुझारू लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी."
लालू यादव के कामों का किया जिक्र
रोहिणी आचार्य ने कहा कि लालू यादव ने हमेशा जमीन से जुड़े लोगों और समाज के कमजोर वर्गों को आगे बढ़ाने का काम किया है. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को सम्मान और जिम्मेदारी देना लालू यादव की राजनीति का अहम हिस्सा रहा है. इसलिए आरजेडी को भी उसी रास्ते पर आगे बढ़ना चाहिए.
रोहिणी ने कहा कि आरजेडी की नई टीम में ऐसे लोगों को जगह मिलनी चाहिए, जो सालों से पार्टी के लिए मेहनत कर रहे हैं. संगठन को समझने वाले नेताओं और जमीन पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को आगे लाने से पार्टी मजबूत होगी.
मंगनीलाल मंडल ने भंग की सभी कमेटियां
आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल ने गुरुवार को पार्टी की सभी कमेटियों को खत्म करने का आदेश जारी किया. इसमें प्रदेश, जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर की इकाइयों के साथ सभी प्रकोष्ठ भी शामिल हैं. बताया जा रहा है कि यह फैसला तेजस्वी यादव के निर्देश पर लिया गया है. अब तेजस्वी यादव संगठन में नए पदाधिकारियों की नियुक्ति कर सकते हैं.
बांकीपुर हार के बाद आरजेडी में घमासान
बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में आरजेडी की हार के बाद पार्टी के अंदर नाराजगी सामने आई थी. आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव के बीच बयानबाजी भी हुई थी. इससे पार्टी के अंदर चल रही खींचतान खुलकर सामने आई. उपचुनाव से पहले आरजेडी नेता मृत्युंजय तिवारी बीजेपी में शामिल हो गए थे.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
शक्ति सिंह यादव क्या बोले
शक्ति सिंह यादव ने X पर लिखा, "बांकीपुर उपचुनाव के नतीजों के बाद जो यह प्रायोजित शोर मचाया जा रहा है कि प्रशांत किशोर ने कोई बड़ा चमत्कार कर दिया है, उसकी असलियत अब पूरी तरह से बेनकाब हो चुकी है. यह सीट परंपरागत थी भाजपा की. हार हुई है भाजपा की. सवाल उठ रहे हैं तेजस्वी पर. तो सच जानिए सच क्या है."
उन्होंने आगे लिखा, "जो भारतीय जनता पार्टी खुद को अजेय मानती है, जो बंगाल जैसे राज्य में बिना किसी मजबूत कैडर के चुनाव जीतने का दंभ भरती है, जो 2025 के विधानसभा चुनाव में बिहार में 202 सीटें लाती है और इसी बांकीपुर सीट को 50,000 से अधिक मतों के भारी अंतर से जीतती है. वह अपनी सबसे सुरक्षित और परंपरागत सीट अचानक कैसे हार गई?"
राजद नेता ने आगे लिखा, "जरा गौर कीजिए! 2025 के चुनाव में जिस पार्टी को 7,000 वोट भी नसीब नहीं हुए, वह 2026 में बिना किसी जमीनी संघर्ष, बिना किसी कैडर और बांकीपुर में बिना किसी योगदान के अचानक 60,000 का आंकड़ा कैसे पार कर गई? क्या आपने कभी ऐसे अप्रत्याशित और जादुई परिणाम के बारे में सुना है? जो लोग सालों-साल सड़क पर खून-पसीना बहाते हैं, संघर्ष करते हैं, उनके परिणाम आते हैं तो समझ में आता है. लेकिन यहाँ तो बिना संघर्ष के रातों-रात 'नेता' गढ़ा गया है."
शक्ति ने आगे लिखा, "सच तो यह है कि यह हार कोई हादसा नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी का सुनियोजित बी-प्लान है. भाजपा ने जानबूझकर अपनी हार की पटकथा लिखी, अपना कैंडिडेट बदला, एक डमी कैंडिडेट उतारा, और अपनी ही सीट की बलि चढ़ाकर अपनी बी-टीम को स्थापित किया ताकि जनता में यह भ्रम पैदा किया जा सके कि भाजपा अपने कारणों से हारी है. इसके पीछे एक बहुत गहरी साजिश रची गई है, जिसका इकलौता मकसद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव जी के खिलाफ एक झूठा नैरेटिव गढ़ना है."
अपने पर लगे आरोपों पर बिना किसी का नाम लिए शक्ति ने आगे लिखा, "जो लोग सड़कों पर मनगढ़ंत कहानियां गढ़ रहे हैं और झूठा माहौल क्रिएट कर रहे हैं, उनकी पोल खुल चुकी है. बिहार का बहुसंख्यक वर्ग हो, दलित हो, महादलित हो, पिछड़ा, अति-पिछड़ा हो या प्रगतिशील समाज, हर वर्ग के पास यह संदेश जा चुका है. इसके साथ ही, यह भी याद रहे कि बिहार के अल्पसंख्यक वर्ग ने धर्मनिरपेक्षता के लिए हर कुर्बानी दी है और लालू प्रसाद ने जिस धर्मनिरपेक्षता की स्थापना की है, वो कभी झुकने नहीं दिया है. अल्पसंख्यक वर्ग हो या हिंदू वर्ग, अब किसी भी कीमत पर नफरती जमात और नफरती साम्राज्य को बर्दाश्त नहीं करेगी!"
इसे भी पढ़ें: Bihar Weather Alert: 9 अगस्त को बिहार के इन जिलों में बारिश, बिजली और तेज हवा की चेतावनी, IMD ने क्या बताया
'AK-47 चलाने का आदेश किसने दिया?' DGP विनय कुमार से मिलकर तेजस्वी यादव ने उठाए सवाल
सम्राट चौधरी ने बिहार के 90 KM लंबे मार्ग को दिया नया नाम, अब विश्वामित्र पथ से होगी पहचान
