रामनवमी पर बिहार में बदला मौसम: पटना में बारिश, कई जिलों में आंधी-तूफान, IMD ने जारी की चेतावनी

Bihar Ka Mausam: रामनवमी के दिन बिहार में मौसम ने अचानक करवट ली. पटना में बारिश, तो कई जिलों में आंधी और काले बादलों के साथ खराब मौसम बना हुआ है. मौसम विभाग ने कई जिलों में अगले 3 घंटे के लिए अलर्ट जारी किया है.

Bihar Ka Mausam: रामनवमी के दिन बिहार में मौसम ने अचानक करवट ले ली. पटना में दोपहर बाद बारिश शुरू हो गई, जबकि कई जिलों में तेज आंधी और काले बादल छा गए. मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

पटना में अचानक बदला मौसम, शुरू हुई बारिश

पटना में दोपहर करीब 3 बजे के बाद मौसम अचानक बदल गया. पहले आसमान में काले बादल छाए और फिर तेज बारिश शुरू हो गई. मौसम के इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन तेज हवा और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित भी किया.

कई जिलों में आंधी-तूफान का असर

छपरा में तेज आंधी चल रही है, वहीं बक्सर और किशनगंज में आसमान में घने काले बादल छाए हुए हैं. राज्य के कई हिस्सों में मौसम खराब बना हुआ है और कहीं-कहीं बारिश भी हो रही है.

9 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने अगले 3 घंटे के लिए बेगूसराय, भोजपुर, जहानाबाद, मुजफ्फरपुर, नालंदा, पटना, समस्तीपुर, सारण और वैशाली जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात और 60 किमी प्रति घंटा तक की रफ्तार से तेज हवा के साथ मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

लोगों को सावधान रहने की सलाह

पूरे बिहार के 38 जिलों में मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. इनमें 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 26 जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है. मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान घर से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर रहें, खासकर खुले मैदान और पेड़ों के नीचे जाने से बचें.

आखिर क्यों बदल रहा है मौसम?

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बिहार में इस बदलाव के पीछे कई वजहें हैं. बंगाल की खाड़ी से नमी भरी हवाएं राज्य में पहुंच रही हैं. साथ ही पश्चिमी विक्षोभ का असर भी बना हुआ है, जिससे वातावरण अस्थिर हो गया है.

दिन में बढ़ती गर्मी और रात में ठंडी हवाओं के कारण हवा में नमी और तापमान का टकराव हो रहा है. इसी वजह से बादल तेजी से बन रहे हैं और आंधी-तूफान की स्थिति बन रही है. हवा की दिशा में बदलाव और दबाव क्षेत्र बनने से तेज हवाएं और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी संभावना बन रही है.

Also Read: रामनवमी पर बिहार में हादसा, सगे भाई-बहन समेत 5 बच्चों की डूबने से मौत, 3 लापता और 3 बचाए गए

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >