Durga Puja 2025: गांधी मैदान में 22 सितंबर से 3 अक्तूबर तक 12 दिवसीय रामलीला का मंचन होगा. इसमें भगवान श्रीराम के जन्म से लेकर उनके राज्याभिषेक तक की विभिन्न लीलाओं को दिखाया जाएगा. हर दिन शाम 6 बजे से 9 बजे तक रामलीला का आयोजन होगा. इसके पहले दोपहर 4 बजे से 6 बजे तक स्थानीय कलाकार भजन प्रस्तुत करेंगे. यह आयोजन लगभग 17 साल बाद गांधी मैदान में हो रहा है, जिससे लोगों में खासा उत्साह है.
एसके मेमोरियल हॉल में होगा दशहरा महोत्सव
दूसरी ओर, श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में 25 से 28 सितंबर तक दशहरा महोत्सव का आयोजन होगा. इसमें देशभर के नामी कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे. 26 सितंबर को पद्मश्री पंडित उल्हास कशलकर शास्त्रीय गायन करेंगे, जबकि ग्रैमी अवार्ड विजेता पंडित विश्व मोहन भट्ट अपनी प्रसिद्ध मोहन वीणा पर प्रस्तुति देंगे. 27 सितंबर को पंडित रितेश मिश्रा और पंडित रजनीश मिश्रा शास्त्रीय गायन प्रस्तुत करेंगे. इसी दिन पंडित रोनू मजूमदार और डॉ. मैसूर मंजुनाथ बांसुरी और वायलिन की जुगलबंदी से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे. अंतिम दिन यानी 28 सितंबर को विदुषी सूर्यगायत्री भजन प्रस्तुत करेंगी और विदुषी तनुश्री शंकर नृत्य से दर्शकों को मोहित करेंगी.
ट्रैफिक व्यवस्था होगी टाइट
दोनों आयोजनों को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा, ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन की पूरी तैयारी की है. प्रमंडलीय आयुक्त डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने अधिकारियों के साथ बैठक कर इन सभी पहलुओं की समीक्षा की. कला, संस्कृति और युवा विभाग भी इस आयोजन में सक्रिय भूमिका निभा रहा है.
17 सालों बाद होगा आयोजन
श्री दशहरा ट्रस्ट कमिटी के पदाधिकारियों का कहना है कि गांधी मैदान में रामलीला का आयोजन 2008 के बाद पहली बार हो रहा है. इसमें राम जन्म, ताड़का वध, सीता स्वयंवर, भरत मिलाप, रावण वध और श्रीराम राज्याभिषेक जैसे प्रमुख प्रसंग शामिल होंगे. पटना वासी इन आयोजनों के जरिए धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल का आनंद उठा सकेंगे.
