Rajya Sabha Election 2026: राज्यसभा चुनाव को लेकर वोटिंग जारी है. बिहार विधानसभा में वोट डालने के लिए विधायकों के पहुंचने का सिलसिला जारी है. इस बीच मैथिली ठाकुर और श्रेयसी सिंह भी वोट डालने के लिए पहुंचीं. अलीगंज की विधायक मैथिली ठाकुर ने राज्यसभा के लिए पहली बार वोट डाला. इस दौरान सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर उन्होंने कहा, हम उनको बहुत याद करेंगे. मुख्यमंत्री के तौर पर उनको देखते आए हैं.
अगले सीएम फेस पर क्या बोलीं मैथिली?
विधानसभा में मैथिली ठाकुर से मीडिया ने बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर भी सवाल किया कि वे किसे सीएम देखना चाहती हैं. इस पर मैथिली ने कहा, यह हम कैसे तय करेंगे. यह तो हमारे शीर्ष नेतृत्व तय करेंगे. इसके साथ ही राज्यसभा चुनाव के लिए पहली बार वोट डालने पर कहा, बहुत अच्छा लगा. अब तो बस खुशी मनाने के लिए हमलोग इंतजार कर रहे हैं. उन्होंने यह भी बताया कि नए विधायकों को वोटिंग के लिए पहले ही ट्रेनिंग दे दी गई थी.
श्रेयसी सिंह ने मीडिया के सामने क्या कहा?
विधानसभा में श्रेयसी सिंह भी वोट डालने पहुंचीं. इस दौरान मीडिया के सवाल पर उन्होंने कहा, हमने अपने अधिकार का इस्तेमाल किया है. 5वीं सीट आप लोगों के लिए रिस्की होगी लेकिन हमारे लिए नहीं है. यहां तक महागठबंधन के लिए भी रिस्की हो सकती है. विपक्ष के कई स्टेटमेंट खोखले निकल रहे हैं और वो भी लंबे समय से. तो अब खोखले बयानबाजी पर कितनी टिप्पणी कीजिएगा. हम आपको बता रहे हैं कि कोई कंफ्यूजन नहीं है. पूरी क्लैरिटी है. हमलोग कॉन्फिडेंट हैं.
देर रात तक हुई थी एनडीए की बैठक
रविवार को एनडीए ने देर रात तक बैठक की. रविवार रात करीब 11 बजे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की एक अहम बैठक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा प्रत्याशी नितिन नवीन के आवास पर हुई. बैठक में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री और पार्टी के पर्यवेक्षक विजय शर्मा, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे. बैठक में विधायकों को एकजुट रखने और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई.
Also Read: बेऊर जेल से वोट देने पहुंचे अनंत सिंह, विधानसभा में दिखाया विक्ट्री का साइन
