Patna News : पटना के राजेंद्र नगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 से रेल पुलिस ने एक युवक को चोरी के मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया है. तलाशी के दौरान उसके पास से एक चाकू, उस्तरा समेत कई संदिग्ध सामान बरामद किये गये. गिरफ्तार युवक की पहचान अररिया जिले के पलासी थाना क्षेत्र के कुजरी, वार्ड नंबर-6 निवासी सरताज के रूप में हुई है.
संदिग्ध अवस्था में घूमते मिला युवक
रेल पुलिस को प्लेटफॉर्म संख्या-1 के पूर्वी छोर पर एक युवक के संदिग्ध अवस्था में घूमने की सूचना मिली थी. सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को रोककर उसकी तलाशी ली. तलाशी के दौरान उसके हाफ पैंट की जेब से एक स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद हुआ.
तलाशी में चाकू और उस्तरा भी मिला
पुलिस के अनुसार युवक के पास से स्मार्ट मोबाइल के अलावा स्टील का उस्तरा (ब्लेड रहित), बैंगनी रंग का चाकू, एक पीला टेस्टर, साइकिल की दो चाबियां और एक पीतल का खोखा भी बरामद किया गया. बरामद सामान को पुलिस ने जब्त कर लिया.
मोबाइल के कागजात नहीं दिखा सका
पूछताछ के दौरान सरताज मोबाइल फोन से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका. साथ ही उसके पास से बरामद अन्य सामान के संबंध में भी वह पुलिस को संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया. इसके बाद रेल पुलिस ने चोरी के संदेह में मोबाइल समेत अन्य सामान जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया.
रेल थाना पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई
राजेंद्र नगर रेल थाना पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस आरोपी से पूछताछ के साथ बरामद मोबाइल के संबंध में जानकारी जुटा रही है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
