बिहटा में रोजगार, राशन और पेंशन समेत आठ सूत्री मांगों को लेकर प्रखंड मुख्यालय पर प्रदर्शन, अंचल प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

patna protest : बिहटा में ग्रामीण मजदूरों और महिलाओं ने रोजगार, राशन, पेंशन और भूमिहीनों को जमीन जैसे विभिन्न मुद्दों पर प्रदर्शन किया. उन्होंने आठ सूत्री मांगों का एक ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा.

patna protest : रोजगार, राशन, पेंशन और भूमिहीनों को जमीन देने सहित विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा के बैनर तले बिहटा प्रखंड एवं अंचल कार्यालय पर प्रदर्शन किया गया. प्रदर्शनकारियों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आठ सूत्री मांगों का ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा.

ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार संकट का उठाया मुद्दा

सभा को संबोधित करते हुए संगठन के नेताओं ने आरोप लगाया कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार का गंभीर संकट है. मनरेगा का प्रभावी संचालन नहीं होने से गरीब और मजदूर परिवारों की आजीविका प्रभावित हो रही है. उन्होंने कहा कि राशन सूची से पात्र लोगों का नाम हटाया जा रहा है तथा वृद्ध, विधवा और दिव्यांग पेंशन के भुगतान में भी देरी हो रही है. साथ ही भूमिहीन परिवारों को आवास और जमीन उपलब्ध नहीं कराई जा रही है.

आठ सूत्री मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि ग्रामीण गरीबों को तत्काल रोजगार उपलब्ध कराया जाए. बिहार में अकुशल मजदूरों की दैनिक मजदूरी 700 रुपये निर्धारित की जाए. राशन से वंचित सभी पात्र लोगों का नाम जोड़ा जाए तथा भूमिहीन परिवारों को पांच डिसमिल जमीन और बासगीत पर्चा दिया जाए.

इसके अलावा वृद्ध, विधवा और दिव्यांगजनों को प्रतिमाह 3000 रुपये पेंशन, भूमिहीनों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ, आवास योजना की राशि बढ़ाकर पांच लाख रुपये करने तथा दलित और गरीब बस्तियों में पेयजल, सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की गई.

पूर्व सांसद समेत कई नेताओं ने किया संबोधित

प्रदर्शन का नेतृत्व खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा के बिहटा प्रखंड सचिव रामचंद्र राम ने किया. सभा को भाकपा (माले) के बिहटा-मनेर क्षेत्र सचिव सत्यनारायण ने संबोधित किया. कार्यक्रम में पूर्व सांसद रामेश्वर प्रसाद, श्रवण कुमार, अविनाश यादव, संतोष सिंह, चांददेव राम, रामलखन राम, सुरेंद्र यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मजदूर और महिलाएं शामिल रहीं.

ALSO READ: NEET री-एग्जाम फर्जीवाड़ा में होगा नया खुलासा, आरोपियों से पूछे जाने वाले सवाल तैयार, मिली रिमांड


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Monu kumar

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >