Patna News : पुनपुन प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, शेखपुरा में शुक्रवार को विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया. समारोह में विद्यालय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पिपरा थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार ने सम्मानित किया. उन्होंने मेधावी बच्चों को प्राइज बॉक्स, पेन और स्केच पेन देकर उनका उत्साह बढ़ाया. पुलिस की इस पहल से बच्चों में खुशी देखी गयी. वहीं अभिभावकों और शिक्षकों ने भी इस प्रयास की सराहना की.
शिक्षा को सफलता का सबसे बड़ा माध्यम बताया
समारोह को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं. उन्हें किसी तरह की चिंता किये बिना मन लगाकर पढ़ाई करनी चाहिए. शिक्षा ही सफलता और तरक्की का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है. उन्होंने बच्चों से नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासन का पालन करने और माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करने की अपील की. उन्होंने शिक्षकों से भी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उनमें नैतिक मूल्यों का विकास करने पर जोर दिया.
पुरस्कार पाकर बच्चों में दिखा उत्साह
सम्मान समारोह में पुरस्कार प्राप्त करने के बाद छात्र-छात्राओं ने आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया. पुलिस की ओर से मेधावी बच्चों को सम्मानित किये जाने से विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों में भी पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ा. मौके पर पिपरा थाना के नीतीश कुमार, पायल कुमारी, भानु प्रिया और गोलू कुमार के अलावा प्रधानाध्यापक सैना कुमार, शिक्षक हरिशंकर, गजेंद्र कुमार, शाहबाज अंसारी, पूनम कुमारी, अलका कुमारी, सिम्मी सिन्हा और अंजुश्री मौजूद थीं.
