Heroin Seized In Patna : राजधानी पटना के फतुहा में बिहार एसटीएफ की विशेष टीम और पटना जिला पुलिस ने सोमवार को फतुहा थाना क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई कर असम से हेरोइन की खेप लेकर पहुंचे तीन तस्करों को गिरफ्तार किया. इनके पास से 48 ग्राम हेरोइन बरामद की गयी, जिसकी बाजार कीमत करीब 10 लाख रुपये बतायी जा रही है. पुलिस ने आरोपितों के पास से चांदी का एक ब्रेसलेट, एक सिकड़ी, तीन मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है.
असम से लाते थे हेरोइन, अलग-अलग जिलों करते थे सप्लाई
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के रजतपुर निवासी चंदन कुमार, मल्लेपुर निवासी आकाश कुमार और राघोपुर निवासी गौतम कुमार के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, तीनों लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त थे. वे असम के बदरपुर से हेरोइन और कोडीन की खेप लेकर बिहार पहुंचते थे और यहां से राज्य के अलग-अलग जिलों में इसकी सप्लाई करते थे.
कई राज्यों तक फैला है नेटवर्क
एसटीएफ के अनुसार, गिरफ्तार तस्करों का नेटवर्क बिहार के अलावा कई अन्य राज्यों तक फैला हुआ है. पुलिस आरोपितों के आपराधिक इतिहास को खंगालने के साथ ही उनके नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है. पूछताछ के आधार पर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.
फतुहा थाने में दर्ज हुआ केस
मामले में फतुहा थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस बरामद मोबाइल फोन और अन्य सामान के आधार पर तस्करी के नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है.
