पटना से आनंद तिवारी की रिपोर्ट
PMCH Inspection : स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के पीएमसीएच निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित रहने को लेकर उठे सवालों के बीच पीएमसीएच के प्रिंसिपल प्रो. डॉ. एनपी सिंह ने अपनी सफाई दी है. उन्होंने कहा कि उन्हें स्वास्थ्य मंत्री के निरीक्षण की पूर्व सूचना नहीं थी और स्वास्थ्य संबंधी कारणों से वह उस दिन कॉलेज नहीं पहुंच सके थे.
गर्म पानी गिरने से हुए थे घायल
प्रो. डॉ. एनपी सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले उनके ऊपर गर्म पानी गिर गया था, जिससे वह जख्मी हो गए थे. चिकित्सकों की सलाह पर उनका इलाज चल रहा था और इसी कारण वह कॉलेज नहीं जा सके. उन्होंने कहा कि अपनी अनुपस्थिति से संबंधित सभी जानकारी विभाग को उपलब्ध कराई जाएगी.
निरीक्षण के दौरान नहीं मिला था संपर्क
मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार जब पीएमसीएच के निरीक्षण पर पहुंचे थे, उस समय प्रिंसिपल अस्पताल में मौजूद नहीं थे. बताया गया कि निरीक्षण के दौरान उनसे फोन पर संपर्क करने का भी प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका. इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने नाराजगी जताते हुए मामले की जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया था.
विभाग कर रहा पूरे मामले की समीक्षा
मंत्री के निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की समीक्षा कर रहा है. विभाग यह भी जांच कर रहा है कि निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों की अनुपस्थिति किन परिस्थितियों में हुई और क्या निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन किया गया था.
स्वस्थ होने के बाद नियमित रूप से निभा रहे दायित्व
प्रिंसिपल डॉ. एनपी सिंह ने कहा कि वह अब स्वास्थ्य लाभ के बाद नियमित रूप से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं और विभाग के समक्ष अपना पक्ष रखेंगे. विभागीय जांच और स्पष्टीकरण के बाद ही आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा.
इसे भी पढ़ें : भरत तिवारी मामले में न्याय की मांग को लेकर करणी सेना का महापंचायत, कई राज्यों से हजारों की संख्या में पहुंचे समर्थक
