Patna News : आइजीआइएमएस में अब रोबोट से होगी फिजियोथेरेपी: मंगल पांडेय

आइजीआइएमएस में चहारदीवारी, कंक्रीट सड़क, नाला और केबल ट्रेंच निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया. यहां अभी 701 करोड़ रुपये के प्रोजेक्टों का चल रहा निर्माण कार्य चल रहा है, जबकि 300 करोड़ की नयी परियोजनाओं को मंजूरी मिली है

संवाददाता, पटना : इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आइजीआइएमएस) में फिजियोथेरेपी तकनीक से इलाज कराने आ रहे मरीजों के लिए राहत भरी खबर है. अब यहां ऐसे मरीज खासकर न्यूरो के मरीजों का इलाज रोबोटिक्स तकनीक से किया जायेगा. इसके लिए संस्थान में रोबोटिक फाइन डिकंप्रेशन यूनिट, रोबोटिक्स फिजियोथेरेपी मशीन इंस्टाल की गयी है, जिसका उद्घाटन जून के पहले सप्ताह में किया जायेगा. यह कहना है स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय का. शुक्रवार को आइजीआइएमएस परिसर में 16 करोड़ रुपये की लागत से चहारदीवारी, कंक्रीट सड़क, नाला और केबल ट्रेंच निर्माण कार्य का शिलान्यास करने के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मंगल पांडेय ने कहा कि आइजीआइएमएस में 701 करोड़ की परियोजनाओं के तहत निर्माण कार्य चल रहा है. इसके साथ ही 300 करोड़ की नयी परियोजनाओं को मंजूरी मिल गयी है. इसमें मरीजों के लिए कई तरह की सुविधाओं का विस्तार किया जायेगा. शिलान्यास समारोह की अध्यक्षता स्थानीय विधायक संजीव चौरसिया ने की. मौके पर बीएमआइसीएल के एमडी धर्मेंद्र कुमार, संस्थान के निदेशक डॉ बिंदे कुमार, अधीक्षक डॉ मनीष मंडल, न्यूरो विभाग के अध्यक्ष डॉ समरेंद्र कुमार सिंह, नेत्र रोग आइ बैंक के इंचार्ज डॉ निलेश मोहन समेत कई गणमान्य उपस्थित थे.

अगले महीने बच्चों के लिए कैंसर वार्ड का शुभारंभ

मंगल पांडेय ने कहा कि जून के पहले सप्ताह में आधुनिक फिजियोथेरेपी मशीनों का उद्घाटन के ही बच्चों के लिए विशेष कैंसर वार्ड, दो मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, 24 नयी डायलिसिस मशीन और 20 बेड की क्रिटिकल केयर मेडिसिन इकाई का भी शुभारंभ किया जायेगा. उन्होंने बताया कि पिछले चार महीनों में 800 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर और हेल्थ सब सेंटर के लिए निर्माण का आदेश दिया गया है और खुद मैनें 20 दिनों में 400 से अधिक ग्रामीण अस्पतालों का उद्घाटन व शिलान्यास किया है. उन्हेंने कहा कि आइजीआइएमएस में कुल 701 करोड़ की निर्माण परियोजनाएं इस वर्ष के अंत तक पूरी कर ली जायेंगी.

नयी बाउंड्री पर चार वॉच टावर बनेंगे

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि 1470 मीटर लंबी व 10 फुट ऊंची इस नयी बाउंड्री पर चार वॉच टावर बनेंगे और इसके साथ ही छह मीटर चौड़ी सड़क और दो ट्रेंच का निर्माण भी किया जायेगा. इस पर 16 करोड़ रुपये खर्च होंगे. 701 करोड़ से दो नये अस्पताल भवनों (1200 बेड और 500 बेड ) व बाउंड्री, सड़क व नालाें का निर्माण चल रहा है.

मल्टी-लेवल कार पार्किंग बनेगी

आइजीआइएमएस के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ मनीष मंडल ने कहा कि 75 करोड़ से मल्टी लेवल कार पार्किंग बनेगी. साथ ही नया लेक्चर थिएटर व स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भी बनेंगे. 100-100 बेड के नये बॉयज और गर्ल्स हॉस्टल का निर्माण भी प्रस्तावित है. पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टिट्यूट ऑफ डेंटल एजुकेशन एंड रिसर्च की स्थापना की जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >