पटना में चलेगी वाटर मेट्रो, बस इतने दिन का इंतजार और, सीएम सम्राट ने किया ऐलान

Patna Water Metro: पटना के विकास को नई दिशा देने के लिए सम्राट चौधरी ने विजन सामने रखा है. गंगा के दोनों किनारों पर शहर का विस्तार होगा. 66 हजार एकड़ में नया पाटलिपुत्र टाउनशिप बनाया जाएगा. सोनपुर में हरिहरनाथ टाउनशिप, वाटर मेट्रो और नई सड़कों के जरिए राजधानी की तस्वीर बदलने की तैयारी है.

Patna Water Metro: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राजधानी पटना को व्यवस्थित, आधुनिक और ज्यादा विकसित बनाने के लिए कई बड़े प्रोजेक्ट पर काम हो रहा है. सरकार का लक्ष्य है कि पटना का विस्तार गंगा नदी के दोनों तरफ किया जाए ताकि बढ़ती आबादी और व्यापारिक जरूरतों के हिसाब से नया इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार हो सके. उन्होंने बताया कि करीब 66 हजार एकड़ में पाटलिपुत्र नाम से नया टाउनशिप बनाया जाएगा. इसके अलावा सोनपुर क्षेत्र में हरिहरनाथ टाउनशिप विकसित करने की भी योजना है. इन परियोजनाओं से पटना और आसपास के पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदलने की तैयारी है.

मंदिरी नाला पथ बनने से शहर के इस इलाके की बदल जाएगी पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिरी नाले पर 1289 मीटर लंबी सड़क बन चुकी है. यह सड़क आयकर चौराहा को अशोक राजपथ से जोड़ेगी. इससे शहर के भीतर आवाजाही आसान होगी. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस फोरलेन सड़क को जेपी गंगा पथ से जोड़ने का काम अगले वर्ष 31 मार्च तक पूरा किया जाए.

सम्राट चौधरी ने कहा कि नई सड़क बनने के बाद इस इलाके में व्यापारिक गतिविधियां तेजी से बढ़ेंगी. बड़े मॉल, शो रूम और नए कारोबारी प्रतिष्ठान खुलने की संभावना है. इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे और शहर की आर्थिक गतिविधि को भी मजबूती मिलेगी.

अपराधियों को सख्त चेतावनी, 48 घंटे में कार्रवाई का दावा

मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था को लेकर भी सख्त संदेश दिया. उन्होंने कहा कि बिहार में कानून का राज कायम रखना सरकार की प्राथमिकता है. अगर कोई अपराधी पुलिस या प्रशासन को चुनौती देगा तो उसे 48 घंटे के भीतर जवाब मिलेगा. उन्होंने साफ कहा कि अपराधी किसी भी जाति या धर्म का हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा. बिहार को अपराधमुक्त बनाना सरकार का लक्ष्य है और सुशासन की रफ्तार को और तेज किया जाएगा ताकि उद्योग और निवेश के लिए बेहतर माहौल बन सके.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

मेट्रो और वाटर मेट्रो पर भी सरकार का फोकस

शहर में जलजमाव की समस्या को लेकर भी मुख्यमंत्री ने चिंता जताई. उन्होंने नालों की नियमित सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया ताकि बारिश के दौरान लोगों को परेशानी न हो. इसके साथ ही पटना मेट्रो परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाने की बात कही गई. सम्राट चौधरी ने यह भी बताया कि गंगा नदी में करीब डेढ़ महीने के भीतर वाटर मेट्रो सेवा शुरू कराने की तैयारी है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास कामों को आगे बढ़ाते हुए बिहार सरकार राजधानी को नए स्तर पर ले जाने की दिशा में काम कर रही है.

इसे भी पढ़ें: बाहर SBI का बोर्ड, अंदर चल रही थी बाल-दाढ़ी कटाई, पटना का यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Paritosh shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >