Patna News : धनरूआ प्रखंड की छाती पंचायत के बांसबीघा स्थित शाखा डाकघर तक पहुंचने वाला मुख्य रास्ता लंबे समय से बदहाल है. सड़क पर जगह-जगह झाड़ियां और ऊंची घास उग आयी है. गंदगी और जलजमाव के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है. बरसात के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती है.
छह महीने पहले बनी नाली, सड़क की ढलाई अब भी अधूरी
ग्रामीणों के अनुसार, रास्ते की समस्या को लेकर पंचायत और संबंधित अधिकारियों का कई बार ध्यान आकृष्ट कराया गया है. करीब छह माह पहले पंचायत समिति की निधि से यहां नाली का निर्माण कराया गया, लेकिन मुख्य रास्ते की ढलाई अब तक नहीं हो सकी है. ग्रामीणों का कहना है कि फंड उपलब्ध नहीं होने के कारण सड़क निर्माण का काम आगे नहीं बढ़ पाया.
बरसात में कीचड़ और जलजमाव ने बढ़ायी मुश्किल
नाली बनने के बावजूद सड़क की ढलाई नहीं होने से बरसात में रास्ते पर कीचड़ और जलजमाव की समस्या बनी रहती है. जगह-जगह पानी जमा होने के कारण लोगों को परेशानी होती है. रास्ते में बिखरे पाइप, ढक्कन और उगी झाड़ियों से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है.
डाकघर तक पहुंचने में बुजुर्गों और महिलाओं को परेशानी
डाकघर तक जाने वाला यह रास्ता स्थानीय लोगों के लिए महत्वपूर्ण है. बदहाल सड़क के कारण डाकघर आने-जाने वाले ग्रामीणों के साथ बुजुर्गों और महिलाओं को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है. ग्रामीणों का कहना है कि नियमित सफाई नहीं होने से झाड़ियां लगातार बढ़ रही हैं.
ग्रामीणों ने सड़क की जल्द ढलाई कराने की मांग की
सत्येंद्र प्रसाद, पंकज कुमार, सूरज कुमार, दीनानाथ प्रसाद, विद्यानंद प्रसाद, टुनटुन प्रसाद, छोटा मुन्ना ठाकुर समेत अन्य ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और पंचायत प्रशासन से रास्ते की तत्काल सफाई कराने की मांग की है. ग्रामीणों ने सड़क की जल्द ढलाई कराने की भी मांग की, ताकि आवागमन सुचारु हो सके और लंबे समय से चली आ रही समस्या से लोगों को राहत मिल सके.
