पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ अध्यक्ष समेत 6 पर FIR, CM के कार्यक्रम में हंगामे मामले में कुलपति पर भी उठे सवाल

Patna University: पटना विश्वविद्यालय में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान छात्रों के हंगामे का मामला तूल पकड़ गया है. छात्र संघ अध्यक्ष समेत 6 छात्रों पर FIR दर्ज की गई है, जबकि कई अज्ञात छात्रों को भी आरोपी बनाया गया है.

Patna University: पटना विश्वविद्यालय परिसर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यक्रम के दौरान छात्रों के हंगामे का मामला अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है. पीरबहोर थाना में शिकायत दर्ज होने के बाद छात्र संघ अध्यक्ष समेत 6 छात्रों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की गई है, जबकि 30-35 अज्ञात छात्रों को भी आरोपी बनाया गया है.

ड्यूटी पर तैनात पदाधिकारी ने दर्ज कराई शिकायत

यह शिकायत कार्यक्रम में ड्यूटी पर तैनात प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी विरेन्द्र चौधरी ने दर्ज कराई है. उन्होंने आरोप लगाया है कि छात्रों ने सरकारी कार्य में बाधा डाली, हंगामा किया और विधि-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की.

CM के आने से पहले ही शुरू हो गया था बवाल

आवेदन के मुताबिक, 30 मार्च को नए भवनों के उद्घाटन कार्यक्रम से पहले ही माहौल गर्म हो गया था. करीब 15-20 छात्र कार्यक्रम स्थल के पास पहुंचे और विरोध शुरू कर दिया. उनका आरोप था कि उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किया गया और शिलापट्ट पर कुलपति का नाम नहीं है. देखते ही देखते अन्य छात्र भी मौके पर पहुंच गए और भीड़ बढ़कर 30-35 तक हो गई.

पुलिस से धक्का-मुक्की, कई जवान घायल

हंगामा कर रहे छात्रों को शांत कराने के लिए पुलिस और मजिस्ट्रेट ने समझाने की कोशिश की, लेकिन छात्र नहीं माने. आरोप है कि छात्रों ने नारेबाजी करते हुए कार्यक्रम में बाधा डाली और पुलिस के साथ धक्का-मुक्की भी की. इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों को चोट लगने की बात सामने आई है. घटना की वीडियोग्राफी के आधार पर छात्र संघ अध्यक्ष शांतनु शेखर समेत कई छात्रों की पहचान की गई है.

कुलपति की भूमिका पर उठे सवाल

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मौके पर मौजूद कुलपति अजय कुमार ने छात्रों को रोकने या समझाने की कोई कोशिश नहीं की. पदाधिकारी ने यह भी आशंका जताई है कि छात्रों को कुलपति का अप्रत्यक्ष समर्थन मिल रहा था.

ताला लेकर पहुंचे छात्र संघ अध्यक्ष

छात्र संघ अध्यक्ष शांतनु शेखर कॉलेज गेट पर ताला लगाने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें रोक दिया गया. उन्होंने कहा कि वे छात्रों के प्रतिनिधि हैं और छात्रों के हित में अपनी बात रखने आए हैं.

मंत्रियों और प्रशासन ने किया समझाने का प्रयास

स्थिति को संभालने के लिए उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, शिक्षा मंत्री सुनील कुमार और डीएम त्यागराजन ने भी छात्रों को समझाने की कोशिश की, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे. इस दौरान कुछ छात्रों ने मंत्रियों को घेरकर विरोध जताया.

CM के समर्थन में भी लगे नारे

दिलचस्प बात यह रही कि एक तरफ जहां कुछ छात्र विरोध कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर कुछ छात्र मुख्यमंत्री के समर्थन में भी नारेबाजी कर रहे थे. ‘देखो-देखो कौन आया, शेर आया-शेर आया’ और ‘बिहार का मुख्यमंत्री कैसा हो, नीतीश कुमार जैसा हो’ जैसे नारे गूंजते रहे. कुछ छात्र पोस्टर लेकर भी खड़े थे, जिन पर ‘हम छात्रों का अभिमान’ लिखा था और नीतीश कुमार की तस्वीर लगी थी.

147 करोड़ की परियोजना का उद्घाटन

मुख्यमंत्री ने इस दौरान पटना विश्वविद्यालय के नए प्रशासनिक और एकेडमिक भवनों का उद्घाटन किया. 147.29 करोड़ रुपये की लागत से बने ये भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं. प्रशासनिक भवन G+8 और एकेडमिक भवन G+9 है. उद्घाटन के बाद प्रशासनिक भवन में विश्वविद्यालय का मुख्यालय शिफ्ट किया जाएगा.

Also Read: बिहार में मौसम का डबल अटैक: कहीं आंधी-बारिश से तबाही, तो कहीं ठंडी हवाओं से राहत, 7 दिन के लिए अलर्ट जारी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय डिजिटल माध्यम में पिछले 2 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर तक का मुकाम तय किए हैं. अभी डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास करते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखते हैं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >