पटना : हथियार की डील करने पहुंचे थे दो युवक, पुलिस ने दबोचा; घर से पिस्टल और 5 कारतूस बरामद

फुलवारी शरीफ पुलिस ने अल्वा कॉलोनी पुल के पास अवैध हथियार की खरीद-बिक्री करते दो युवकों को रंगे हाथों पकड़ा. पुलिस ने उनकी निशानदेही पर एक देशी पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं. गिरोह के तीसरे सदस्य की तलाश में छापेमारी जारी है.

Patna Crime News : फुलवारी शरीफ थाना पुलिस ने अल्वा कॉलोनी पुल के पास अवैध हथियार की खरीद-बिक्री की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पुरानी इमारत शरीया निवासी मो. मेराज उर्फ मुन्ना और लाल मियां की दरगाह नहर निवासी मो. फहीम के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर एक देशी पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किये हैं.

पुलिस को देखते ही भागने लगे युवक

पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त की शाम सूचना मिली थी कि अल्वा कॉलोनी पुल के पास दो युवक अवैध हथियार की खरीद-बिक्री को लेकर बातचीत कर रहे हैं. सूचना के बाद पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की. पुलिस को देखते ही दोनों युवक भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया.

फहीम के घर से बरामद हुई पिस्टल और कारतूस

पूछताछ के दौरान दोनों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने फहीम के लाल मियां की दरगाह नहर स्थित घर पर छापेमारी की. तलाशी के दौरान घर से एक देशी पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किये गये.

तीन लोगों के गिरोह का पुलिस को मिला सुराग

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपितों ने बताया कि बरामद हथियार मुर्गियाचक निवासी मो. फिरोज से खरीदा गया था. दोनों ने यह भी बताया कि वे तीन लोग मिलकर हथियार की खरीद-बिक्री करते हैं. पुलिस अब तीसरे आरोपित मो. फिरोज की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

मेराज पर पहले से दर्ज हैं पांच मामले

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार मेराज उर्फ मुन्ना का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ फुलवारी शरीफ, गांधी मैदान और दानापुर थानों में कई मामले दर्ज हैं. इनमें फुलवारी शरीफ थाना के तीन, गांधी मैदान थाना का एक और दानापुर थाना का एक मामला शामिल है. पुलिस उसके अन्य आपराधिक मामलों की भी जानकारी जुटा रही है.

आर्म्स एक्ट में प्राथमिकी दर्ज

मामले में फुलवारी शरीफ थाना कांड संख्या 1415/26, दिनांक 17 अगस्त 2026 को आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. गिरफ्तार दोनों आरोपितों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. छापेमारी टीम में फुलवारी शरीफ थानाध्यक्ष गुलाम शहबाज आलम, पुलिस अवर निरीक्षक नीरज कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विनय कुमार और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अजीत कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >