पटना से नितिश सिंह की रिपोर्ट
Patna News: पटना के चितकोहरा रेलवे ओवरब्रिज (ROB) पर मरम्मत कार्य शुरू होने के बाद प्रशासन ने अगले 15 दिनों तक भारी वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध लगा दिया है. पुल की सुरक्षा और मरम्मत कार्य को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए यह निर्णय लिया गया है. साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर पुल पर हाइट बैरियर गेट भी लगाए जाएंगे.
पटेल गोलंबर से हार्डिंग रोड की ओर किया गया डायवर्जन
यातायात व्यवस्था को प्रभावित होने से बचाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने भारी वाहनों का रूट बदल दिया है. पटेल गोलंबर से आने वाले भारी वाहनों को हार्डिंग रोड की ओर डायवर्ट किया गया है, ताकि चितकोहरा ROB पर दबाव कम रहे और मरम्मत कार्य में बाधा न आए.
अनिसाबाद से आने वाले वाहनों के लिए बदला रूट
अनिसाबाद की ओर से आने वाले वाहनों को चितकोहरा गोलंबर से मीठापुर और गर्दनीबाग 15 नंबर पुल मार्ग होकर जाने की अनुमति दी गई है. इस दौरान ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है, जो वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्ग की ओर भेज रहे हैं.
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन रूट का पालन करें और अनावश्यक रूप से बंद मार्ग का उपयोग करने का प्रयास न करें. इससे मरम्मत कार्य समय पर पूरा होगा और यातायात भी सुचारू बना रहेगा.
