Patna Traffic Diversion : पटना के खुदा बख्श ओरिएंटल पब्लिक लाइब्रेरी में सोमवार को प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है. कार्यक्रम के दौरान कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का परिचालन बदलेगा, जबकि कुछ रास्तों पर व्यवसायिक वाहन, ई-रिक्शा और टेंपो के प्रवेश पर रोक रहेगी. ऐसे में अशोक राजपथ, कारगिल चौक और गायघाट की ओर जाने वाले लोगों को नया रूट देखकर निकलना होगा.
कारगिल चौक से गायघाट जाने वालों को डबल डेकर पुल से जाना होगा
कार्यक्रम के दौरान कारगिल चौक से गायघाट की ओर जाने वाले सभी वाहनों को डबल डेकर पुल के रास्ते से गुजरना होगा. ट्रैफिक पुलिस ने यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए यह व्यवस्था लागू की है.
कई जगहों से अशोक राजपथ की ओर जाने पर रोक
खेतान मार्केट, जीएम रोड दक्षिणी, मछुआ टोली दक्षिणी और खजांची रोड दक्षिणी से अशोक राजपथ की ओर जाने वाले व्यवसायिक वाहनों, ई-रिक्शा और टेंपो का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा. इन वाहनों को वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करना होगा.
कृष्णा घाट से आने वाले वाहन यहां से जाएंगे
कृष्णा घाट की ओर से कारगिल चौक आने वाले वाहनों को पटना कॉलेज गेट के पास डबल डेकर पुल का इस्तेमाल करना होगा. ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित मार्ग का पालन करने की अपील की है.
अशोक राजपथ पुल के नीचे से कारगिल चौक की ओर जाना बंद
कार्यक्रम के दौरान अशोक राजपथ पुल के नीचे से कारगिल चौक की ओर जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा. वाहन चालकों को इस मार्ग के बजाय निर्धारित डायवर्जन रूट से जाना होगा.
गायघाट से आने वाले वाहनों के लिए भी डायवर्जन
गायघाट की ओर से आने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्ग पर भेजा जाएगा. ऐसे वाहनों को खजांची रोड उत्तरी से डायवर्ट किया जाएगा.
खजांची रोड से ठाकुरबाड़ी होते हुए गांधी मैदान जाएंगे वाहन
डायवर्जन के तहत गायघाट की ओर से आने वाले वाहनों को खजांची रोड उत्तरी से खजांची रोड दक्षिणी, मछुआ टोली और ठाकुरबाड़ी होते हुए गांधी मैदान की ओर भेजा जाएगा.
