पटना के दनियावां में गैस कटर से मोबाइल शोरूम का शटर काटकर 40 लाख की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए चोर

Patna Theft News : पटना के दनियावां बाजार स्थित एक मोबाइल शोरूम में गैस कटर से शटर काटकर करीब 40 लाख रुपये के मोबाइल, लैपटॉप, एलईडी टीवी और 3.20 लाख रुपये नकद की चोरी हुई. घटना सीसीटीवी में कैद हुई है. पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड मामले की जांच में जुटे हैं.

Patna Theft News : थाना क्षेत्र के दनियावां बाजार स्थित गैलेक्सी टावर में संचालित नेहा मोबाइल कॉर्नर दुकान सह गोदाम में रविवार रात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया. गैस कटर से दुकान का शटर और ग्रील काटकर चोर करीब 3 लाख 20 हजार रुपये नकद और लगभग 40 लाख रुपये मूल्य के इलेक्ट्रॉनिक सामान लेकर फरार हो गए. घटना के बाद बाजार के कारोबारियों में दहशत का माहौल है.

सुबह मिली दुकान का शटर कटने की सूचना

दुकान संचालक ने बताया कि वह रविवार रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर अपने घर शाहजहांपुर चले गए थे. मंगलवार सुबह एक ग्रामीण ने फोन कर दुकान का शटर कटा होने की जानकारी दी. मौके पर पहुंचने पर देखा कि शटर और ग्रील गैस कटर से काटी गई थी.

मोबाइल, लैपटॉप और आईफोन समेत लाखों का सामान गायब

दुकानदार के अनुसार दुकान में रखे कई महंगे लैपटॉप, आईफोन, विभिन्न कंपनियों के स्मार्टफोन, एलईडी टीवी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान के अलावा काउंटर में रखे 3.20 लाख रुपये नकद भी गायब थे. इसके बाद उन्होंने स्थानीय थाना और डायल-112 पुलिस को सूचना दी.

एफएसएल और डॉग स्क्वॉड ने की जांच

सूचना मिलने पर दनियावां थानाध्यक्ष खुशबू खातून, सर्किल इंस्पेक्टर माया कुमारी तथा फतुहा-2 के एसडीपीओ संजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया.

सीसीटीवी में कैद हुए संदिग्ध

पुलिस जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में चार से पांच संदिग्ध चोर सामान ले जाते और आते दिखाई दिए हैं. सभी ने हेलमेट और गमछे से अपना चेहरा ढक रखा था. पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.

व्यापारियों में आक्रोश

इस बड़ी चोरी की घटना के बाद दनियावां बाजार के व्यवसायियों में भय और आक्रोश है. व्यापारियों ने पुलिस से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है.

Also Read: पटना में DSP ऑफिस के सामने 37 करोड़ की जमीन पर कब्जा करने पहुंचे 17 बदमाश गिरफ्तार, अवैध हथियार और लग्जरी गांड़ियां बरामद

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >