14 लाख रुपये के विवाद में सरकारी शिक्षक का अपहरण, पटना पुलिस ने चार आरोपितों को दबोचा

Patna Teacher Kidnapping : पटना के शास्त्रीनगर निवासी सरकारी शिक्षक का 14 लाख रुपये के विवाद में अपहरण कर लिया गया. पटना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रोहतास के कुदरा से शिक्षक को सकुशल बरामद किया और मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.

Patna Teacher Kidnapping : शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र के एजी कॉलोनी निवासी एक सरकारी शिक्षक के अपहरण मामले का पटना पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने अपहृत शिक्षक को रोहतास जिले के कुदरा से सकुशल बरामद कर लिया. गिरफ्तार सभी आरोपितों को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

बिजनेस के लिए लिया था 14 लाख रुपये का उधार

पुलिस के अनुसार झारखंड के पलामू निवासी उपेंद्र सिंह औरंगाबाद के नवीनगर में सरकारी शिक्षक हैं और परिवार के साथ पटना के एजी कॉलोनी में रहते हैं. उन्होंने व्यवसाय के लिए रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र के सोहवलिया निवासी सोनू कुमार से करीब 13 से 14 लाख रुपये उधार लिए थे. लंबे समय से रुपये वापस नहीं मिलने पर दोनों के बीच विवाद चल रहा था.

आरा बुलाकर किया अपहरण

छुट्टी पर पटना आए शिक्षक को सोनू कुमार ने योजना के तहत आरा बुलाया. वहां अपने सहयोगियों के साथ मिलकर उनका अपहरण कर रोहतास स्थित अपने घर ले गया. शिक्षक के लापता होने पर उनकी पत्नी रीना सिंह ने शास्त्रीनगर थाना में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई.

तकनीकी जांच से पुलिस ने किया खुलासा

मामले की जांच में जुटी पटना पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर मुख्य आरोपित सोनू कुमार समेत करगहर निवासी इसराद आलम, भरतलवा निवासी राकेश कुमार और कैमूर निवासी दिवाकर कुमार को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की दबिश की भनक लगते ही आरोपितों ने शिक्षक को रोहतास के कुदरा में छोड़ दिया. वहां से शिक्षक कुदरा थाना पहुंचे, जहां से पटना पुलिस ने उन्हें सकुशल बरामद कर लिया.

डीएसपी बोले- रुपये के विवाद में रची गई थी साजिश

डीएसपी-2 सचिवालय साकेत कुमार ने बताया कि अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई. जांच में सामने आया कि शिक्षक ने पहले सोनू कुमार से लगभग 13-14 लाख रुपये उधार लिए थे और राशि वापस नहीं कर रहे थे. इसी विवाद के कारण सोनू कुमार ने अपने तीन सहयोगियों के साथ मिलकर आरा से शिक्षक का अपहरण कर लिया था. पुलिस ने चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

इसे भी पढ़ें : बिहार रेजिमेंट सेंटर दानापुर में 63वीं राष्ट्रीय राइफल्स का स्थापना दिवस समारोह का आयोजन, शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट. नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >