Patna Smart City: राजधानी की यातायात व्यवस्था को आधुनिक बनाया जायेगा. ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए वाहन को ऑटोमेटिक डिटेक्ट कर लाल, हरी व पीली लाइट जलाने वाले 24 ट्रैफिक सिग्नल (Traffic Signal) इंस्टॉल किये जायेंगे. इस प्रस्ताव पर बुधवार को शहर के विकास कार्यों को गति देने के लिए पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड (पीएससीएल) की बोर्ड की बैठक में मुहर लगी. मालूम हो कि वर्तमान में शहर में करीब 28 सिग्नल लगे हैं. ट्रैफिक एसपी के प्रस्ताव पर मिली इस मंजूरी के बाद शहर में सिग्नलों की कुल संख्या 28 से बढ़कर 52 हो जायेगी.
खास बात यह है कि ये सभी सिग्नल इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) से जुड़े होंगे, जिससे ट्रैफिक की निगरानी और संचालन डिजिटल तरीके से बेहतर हो सकेगा. जब जरूरत होगी, तो इन्हें मैनुअल भी किया जायेगा. नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पटना की सूरत बदलने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लियेगये. बैठक में स्मार्ट सिटी की खराब हो रही संपत्तियों को फिर से संचालित करने को लेकर पॉलिसी बनाने पर चर्चा की गयी. इनमें प्रमुख रूप से इ-टॉयलेट (E-toilet) हैं. इनका सर्वे कराया गया है. फिर से संचालित कर ऑपरेशन व मेंटेनेंस के लिए जवाबदेही तय की जायेगी. इसके शुरू होने के बाद आय भी होगी.
ये भी पढ़ें: राजधानी की खटाल गली अतिक्रमण मुक्त, 36 हजार वर्ग फुट जगह खाली; बनेगा वेंडिंग जोन और ‘द ताज स्ट्रीट’
मौर्य मंडपम व जिम को आउटसोर्स कर आय सृजन किया जायेगा
स्मार्टसिटी (Patna Smart city) के जो प्रोजेक्ट पूरे हो गये हैं, उन्हें जल्द नागरिक सुविधाओं के लिए शुरू किया जायेगा. इनमें मौर्यलोक स्थित मौर्यमंडपम व जिम बनकर तैयार हैं. इन्हें आउटसोर्स किया जायेगा. वहीं, जरूरत व अधिक सुविधा एक बिल्डिंग में मिले, इसके लिए मीठापुर में बन रहे कॉमन फैसिलिटी सेंटर को जी प्लस थ्री करने पर निर्णय लिया गया. हालांकि, इसका काम नवंबर माह से ही चल रहा है. यह मार्च तक पूरा हो जायेगा. इसमें रेस्टोरेंट, बैंक, एटीएम, लाइब्रेरी, सैलून, मॉल सहित कई सुविधाएं मिलेंगी.पीएससीएल इन संपत्तियों से राजस्व जुटायेगा.
ये भी पढ़ें: केवल नाला और स्लम ही नहीं, ट्रांसपोर्ट हब व कॉलोनी भी होगी चकाचक
कंकड़बाग के पार्क का होगा सौंदर्यीकरण
सबवे व मल्टीलेवल पार्किंग के बीच अंधेरे को दूर करने के लिए चिह्नित स्थान पर हाइमास्ट लाइट लगायीजायेंगी. सर्वे के बाद इसे बोर्ड से पास किया गया. वहीं, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से कंकड़बाग के एक पार्क के रेनोवेशन का प्रस्ताव दिया था. इस पर बोर्ड ने मुहर लगा दी है. बैठक में अधिकारियों ने निर्देश दिया कि बांसघाट स्थित आधुनिक शवदाह गृह को जल्द से जल्द शुरू किया जाये, ताकि लोगों को सुविधा मिल सके. साथ ही मंदिरी नाला-सड़क परियोजना को तेजी से पूरा कर जनता को समर्पित करने का आदेश दिया गया.
ये रहे मौजूद: बैठक में विभाग के अपर सचिव राजीव कुमार श्रीवास्तव, नगर आयुक्त सह एमडी (स्मार्ट सिटी) यशपाल मीणा, प्रमंडलीय आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर, जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महापौर सीता साहू सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें: आशियाना-दीघा, कंकड़बाग समेत 19 सड़कें बनीं प्रधान मुख्य सड़क, बढ़ेगा Property Tax
सड़कों की लैंडस्कैपिंग व मॉडुलर टॉयलेट का होगा निर्माण
राजधानी को सुंदर, स्वच्छ और स्मार्ट बनाने की दिशा में पटना नगर निगम ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है. शहर की प्रमुख सड़कों के लैंडस्केपिंग और सार्वजनिक स्थानों पर आधुनिक मॉडुलर टॉयलेट के निर्माण के लिए निगम ने डीपीआर तैयार करने के लिए कंसल्टेंट के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इसके लिए निगम द्वारा निविदा जारी की गई है. इस योजना के तहत पटना की मुख्य सड़कों के किनारे हरियाली विकसित की जाएगी, आकर्षक फुटपाथ बनाए जाएंगे और अत्याधुनिक मॉडुलर टॉयलेट स्थापित किए जाएंगे जो रखरखाव में आसान और दिखने में सुंदर होंगे. नगर आयुक्त के मुताबिक इस कदम से पटना को एक स्मार्ट और स्वच्छ स्वरूप देने में मदद मिलेगी.
ये भी पढ़ें: नगर निगम जारी करेगा 200 करोड़ का Municipal Bond; नासिक मॉडल पर बनेगा आत्मनिर्भर पटना
