पटना से आनंद सिंह कौशिक की रिपोर्ट
Patna News : सचिवालय थाना क्षेत्र के 10 सर्कुलर रोड स्थित दुर्गा मंदिर के पास 31 नंबर वीआईपी पोस्ट के समीप रविवार को पुलिस की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गयी. हादसे में स्कॉर्पियो चालक बाल-बाल बच गया. दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
स्कूटी सीख रही युवती अचानक सामने आयी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर एक युवती स्कूटी चलाना सीख रही थी. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही स्कॉर्पियो के सामने अचानक युवती आ गयी. उसे बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया और वाहन को मोड़ने की कोशिश की. इसी दौरान स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गयी.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पलटने से पहले स्कॉर्पियो करीब पांच फीट तक हवा में उछली. हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
यातायात पुलिस ने स्कॉर्पियो जब्त की
घटना की सूचना मिलने पर यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर गांधी मैदान यातायात थाना ले गयी.
बताया जाता है कि स्कॉर्पियो किसी निजी व्यक्ति के नाम से है और पुलिस विभाग में किराये पर चल रही थी. यातायात पुलिस वाहन के दस्तावेजों की जांच के साथ चालक से भी पूछताछ कर रही है.
हादसे की परिस्थितियों की जांच
पुलिस के अनुसार, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है. दुर्घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. पुलिस वाहन की गति, चालक की प्रतिक्रिया और सड़क पर मौजूद परिस्थितियों की भी जांच कर रही है.
