पटना से आनंद सिंह कौशिक की रिपोर्ट
Patna Foreign liquor Seized : पटना में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सचिवालय थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. आर ब्लॉक रोड नंबर-2 पर गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक एसयूवी से 150 लीटर विदेशी शराब बरामद की. मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया गया है. पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
सचिवालय थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर आर ब्लॉक रोड नंबर-2 पर संदिग्ध एसयूवी वाहन को रोका और उसकी जांच की. जांच के दौरान वाहन से 150 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई. पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
एयरफोर्स लिखी एसयूवी में छिपाकर ले जाई जा रही थी शराब
पुलिस के अनुसार जब्त एसयूवी पर उत्तर प्रदेश का पंजीकरण नंबर था और वाहन पर "एयरफोर्स" लिखा हुआ था. तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में विदेशी शराब मिली. इसके बाद वाहन को जब्त कर लिया गया.
शराब की खेप कहां जानी थी, जांच जारी
सचिवालय थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था.
मद्यनिषेध अधिनियम के तहत दर्ज हुई प्राथमिकी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश जारी है.
सचिवालय हॉल्ट रेलवे स्टेशन पर खेप बरामद
दूसरी ओर रेल थाना पटना जंक्शन के अंतर्गत आने वाले सचिवालय हॉल्ट रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने शराब की एक बड़ी खेप जब्त की है. रेल पुलिस द्वारा चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान ट्रेन संख्या 13006 अमृतसर हावड़ा मेल से 50.540 लीटर विदेशी शराब लावारिस हालत में बरामद की गई है.
ट्रेन में लावारिस पड़ा था सामान
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, नियमित जांच के दौरान ट्रेन में लावारिस पड़े कुछ संदिग्ध सामान की तलाशी ली गई. जब बैगों को खोला गया तो उनमें से भारी मात्रा में विदेशी शराब की बोतलें निकलीं. हालांकि, मौके पर शराब से जुड़ा कोई भी आरोपी या तस्कर मौजूद नहीं था, जिसके कारण इसे लावारिस अवस्था में जब्त कर लिया गया.
आरोपियों की तलाश में पुलिस
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और गुप्तचरों की मदद से अज्ञात आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है. रेल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ट्रेनों के जरिए हो रही शराब तस्करी पर नकेल कसने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.
Also Read : पटना जंक्शन पर चल रहा सेक्स रैकेट, ₹5000 नगद व आपत्तिजनक सामानों संग 3 महिलाएं पकड़ाईं
